विधायक के बिगड़े बोल का ऑडियो वायरल, करणी सेना के पुतला फूंकने के पहले पुलिस ने लिया कब्जे में

आकाश श्रीवास्तव, नीमच। जिले के सोशल मीडिया में एक ऑडियो वायरल (Audio viral) हो रहा है। जिसमें नीमच विधायक (Nimach MLA) दिलीप सिंह परिहार करणी सेना के कार्यकर्ता से फोन पर विवादित बात कर रहे हैं। इस ऑडियो के वायरल होने के बाद नीमच में करणी सैनिकों में आक्रोश देखा गया। करणी सैनिकों ने बुधवार को नीमच के भारत माता चौराहा पर विधायक दिलीप सिंह परिहार के पुतले का दहन करने का प्रयास किया और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी की वजह से पुतले का दहन नहीं हो पाया। पुतले को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

दरअसल नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार से करणी सेना के एक कार्यकर्ता राजपाल सिंह ने फोन पर चर्चा की और गौमाता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग का समर्थन करने कहा। जिस पर विधायक परिहार ने करणी सेना की कार्यशैली को आतंकवाद से जोड़ दिया। साथ ही करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह पर भी दूसरों के इशारों पर कार्य करने की बात कही।

ऑडियो के वायरल हो जाने के बाद नीमच में करणी सैनिकों ने विधायक से माफी मांगने और ऐसा न करने पर उनका विरोध करने की बात कही है। विधायक परिहार ने करणी सेना की कार्यशैली को आतंकवाद की तरह बताया इससे समाज में आक्रोश हैं। आगामी दिनों में उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। वहीं मामले पर राजपाल सिंह ने फोन पर कहा कि वह अभी इस मामले में कुछ नहीं कहना चाहते।

दूसरी ओर नीमच विधायक ऑडियो के आधार पर लगाए गए आरोपों को निराधार बता रहे हैं और सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा करणी सेना को आतंकवादी नहीं बताया गया है। इस संबंध में करणी सेना के लोगों से भी चर्चा हुई थी। उन्होंने भी इस बात को स्वीकार किया कि इसमें कुछ गलत नहीं कहा गया है। करणी सेना किसके इशारे पर काम कर रही है, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें खुद अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। यदि कोई विरोध करता है पुतला दहन करता है तो सब स्वतंत्र है। सबको स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त हैं।

Related Articles

Back to top button