पटरी से 80 फीट दूर गिरा ट्रेन का कोच

अल सुबह साढ़े तीन बजे का समय…सूचना मिली कि बांद्रा से जोधपुर जा रही सूर्य नगरी ट्रेन के कोच पलट गए हैं। हादसा पाली शहर से 20 किलोमीटर दूर बोमदड़ा के पास हुआ। वहां पहुंचना आसान नहीं था। भास्कर रिपोर्टर हॉस्पिटल पहुंचा तो प्रशासन अलर्ट हो चुका था, एंबुलेंस रवाना होने वाली थी। भास्कर रिपोर्टर भी एंबुलेंस में सवार होकर मौके पर पहुंचा। अंधेरा इतना था कि पता भी नहीं चल रहा था कि कौन सा कोच कहां पर है।

तीन किलोमीटर पैदल चलने पर कुछ लोग पटरी पर पैदल आते दिखे, कुछ मिट्‌टी से सने थे तो कुछ घबराए हुए थे। हाथों में समान और ठंड में ठिठुरते बच्चे। घटना के बारे में पूछा तो बोले- पता नहीं धमाका हुआ। 14 कोच पटरी से उतर गए।

करीब आधे घंटे बाद 4 बजे जब हम मौके पर पहुंचे तो देखा कि जगह-जगह ट्रेन के पाट्‌र्स बिखरे हुए थे। वहां पहले से मौजूद लोग रेस्क्यू शुरू कर चुके थे। तभी पता चला कि ट्रेन का एक एस-5 कोच 80 फीट और एस-3 और एस-4 कोच ट्रैक से 50 फीट दूर जाकर गिरे।हादसे का शिकार हुए लोग घबराए हुए थे, कोई अपने घर पर कॉल कर घटना की जानकारी दे रहा था तो कोई अपना सामान ढूंढ रहा था। इनमें वे स्काउट भी शिकार हो गए जो पाली में होने वाली नेशनल जम्बूरी में हिस्सा लेने पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button