इजरायल में 38 दिनों का ड्रामा खत्म, PM मोदी के दोस्त फिर बनने जा रहे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मित्र और इजरायल के 73 वर्षीय नेता बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि उन्होंने बुधवार को इजरायल के इतिहास में सबसे दक्षिणपंथी गठबंधन के प्रमुख के रूप में सत्ता में वापसी करते हुए एक नई इजरायली सरकार का गठन किया है। इसके साथ ही देश में पिछले 38 दिनों से चल रहे सियासी उठा-पटक की समाप्ति हो गई। इससे पहले नेतन्याहू ने इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हरज़ोग (Isaac Herzog) को फोन कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
1 नवंबर को हुए चुनावों के नतीजों में नेतन्याहू ने अति-रूढ़िवादी यहूदी पार्टियों और एक दक्षिणपंथी ब्लॉक द्वारा समर्थित सरकार बनाने के लिए जनादेश हासिल किया था। चुनावी नतीजों ने नेतन्याहू को इज़राइल के राजनीतिक गतिरोध के अभूतपूर्व युग को समाप्त करने के लिए तैयार कर दिया है, जिसने चार साल से कम समय में पांच चुनावों को देखा है। साल 2021 में नेतन्याहू को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था।
नेतन्याहू, जो अदालत में भ्रष्टाचार के आरोपों से लड़ रहे हैं,इजरायल के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधान मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। वह 1996 से 1999 और 2009 से 2021 तक रिकॉर्ड 12 साल तक इस पद पर रहे हैं।फिलहाल वह इजरायल में विपक्ष के नेता हैं।
पिछले 38 दिनों से सहयोगी दलों से वार्ता चल रही थी। गठबंधन वार्ता समाप्त करने का उनका जनादेश आधी रात को समाप्त होने वाला था। नेतन्याहू के कार्यालय के एक बयान में कहा गया है कि समय सीमा से कुछ मिनट पहले, उन्होंने राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग को फोन पर सूचित किया कि वह “सरकार स्थापित करने में सक्षम हैं।”
बयान ने पुष्टि की कि नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी मुख्य अति-रूढ़िवादी पार्टियों और धार्मिक यहूदीवाद गठबंधन के तहत चलने वाले चरम ब्लॉक के सदस्यों के साथ साझेदारी में शासन करेगी। पहले ही कुछ राजनीतिक विश्लेषकों ने अनुमान लगाया था कि 73 वर्षीय नेतन्याहू लिकुड और उसके सहयोगियों के बीच वैचारिक आम जमीन को देखते हुए नवंबर के चुनावों के तुरंत बाद एक नई सरकार की घोषणा करने में सक्षम होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, बेंजामिन नेतन्याहू जनवरी की शुरुआत में इजरायल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। हालांकि, इसकी तारीख का ऐलान अभी तक नहीं किया गया है। दूसरी तरफ, नेतन्याहू के फिर से प्रधानमंत्री बनने से अरब देशों की भौहें तन गई हैं क्योंकि अरब देशों से इजरायल की दुश्मनी जगजाहिर है। इजरायल 6 बार अरब देशों को युद्ध में मात दे चुका है।



