दिसंबर के बिल में फिर लगेगा महंगी बिजली का करंट

रायपुर. प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं काे दिसंबर का बिल जब नए साल में आएगा तो इस बिल में एक बार फिर से महंगी बिजली का करंट लगेगा।  छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी चार माह में तीसरी बार वीसीए में इजाफा करने वाली है। बिजली नियामक आयोग ने एनटीपीसी से बिजली खरीदने की जो दर तय की थी, उस दर से करीब दो सौ करोड़ रुपए ज्यादा बिजली खरीदी के लिए देने पड़ रहे हैं।

दो बार में वीसीए 42 पैसे प्रति यूनिट पहले ही बढ़ चुका है। अब दिसंबर का बिल जब जनवरी में आएगा तो इसमें वीसीए 61 पैसे से बढ़ जाएगा। वीसीए में कितना इजाफा किया जाएगा, इसकी गणना चल रही है। संभावना है 10 से 20 पैसे के बीच इजाफा होगा। बिजली नियामक आयोग ने पहले वीसीए को दो सौ यूनिट तक खपत करने वालों के लिए टैरिफ का पांच प्रतिशत वीसीए लगाने की सीमा तय की थी, लेकिन इस बार के टैरिफ में वीसीए को नियंत्रण से बाहर रखा गया है। साल में टैरिफ एक ही बार तय किया जा सकता है। ऐसे में लागत बढ़ने पर वीसीए को बढ़ाना ही एकमात्र विकल्प रहता है। पॉवर कंपनी हर दो माह में बिजली की उत्पादन लागत का आकलन करती है और उसी के हिसाब से वीसीए तय होता है।
विदेशी कोयले के कारण बिजली महंगी
पॉवर कंपनी को अब एनटीपीसी से बिजली लेने में ज्यादा पैसे भी लग रहे हैं, क्योंकि एनटीपीसी की बिजली महंगी हो गई है। इसकी बिजली महंगी होने का कारण यह है कि अब पॉवर सेक्टर को भी विदेशी कोयला लेना पड़ रहा है। पहले देशी कोयले से ही प्लाट चलने के कारण बिजली की कीमत कम रहती थी। लेकिन अब ऐसा नहीं हो पा रहा है। तय प्रतिशत के हिसाब से विदेशी कोयला अब अनिवार्य कर दिया गया है।
दो सौ करोड़ का अतिरिक्त भार
हर माह पॉवर कंपनी एनटीपीसी से 11 से 12 सौ मिलियन यूनिट बिजली लेती है। पहले इसके लिए 400 से 450 करोड़ रुपए लगते थे, लेकिन अगस्त में इसके लिए छह सौ करोड़ से ज्यादा लगे। इसलिए वीसीए में अगस्त और सितंबर में 23 पैसों का इजाफा किया गया। इसके बाद अक्टूबर और नवंबर में वीसीए में 19 पैसों का इजाफा किया गया। अब तीसरी बार फिर से वीसीए बढ़ाने की तैयारी है। पॉवर कंपनी के अधिकारियों का कहना है, अब एनटीपीसी से बिजली लेने में दो माह में चार सौ करोड़ ज्यादा लग रहे हैं, यानी हर माह दो सौ करोड़ का भार अतिरिक्त पड़ रहा है। इस भार को पूरा करने के लिए ही वीसीए में इजाफा किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button