आदमपुर, गोपालगंज और गोला गोकर्णनाथ सीट पर भाजपा की जीत, अंधेरी सीट पर उद्धव ठाकरे गुट का कब्जा

देश के 6 राज्‍यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए खुशियां लेकर आए. बीजेपी इस उपचुनाव में रविवार को हुई मतगणना में उत्तर प्रदेश के गोला गोकर्णनाथ विधानसभा क्षेत्र, हरियाणा की आदमपुर सीट और बिहार की एक गोपालगंज सीट पर जीत दर्ज की. वहीं ओडिशा के भद्रक जिले में धामनगर उपचुनाव में वह लगातार आगे बनी हुई है, जबकि तेलंगाना के मुनूगोड़े सीट पर सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) को कड़ी टक्कर देती दिखी.

 

बिहार उपचुनाव: गोपालगंज सीट पर 2000 से भी कम वोटों से हारी RJD, AIMIM को मिले 12 हजार वोट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को बिहार में गोपालगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव में जीत हासिल कर इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को उपचुनाव में मात दी. विधायक सुभाष सिंह के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव आवश्यक हो गया था. सिंह की पत्नी एवं भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी को 70,032 वोट मिले, जबकि राजद के मोहन गुप्ता को 68,243 वोट मिले.

असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा), जिस पर अकसर राजद भाजपा की ‘बी टीम’ होने का आरोप लगाता था, क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं तथा 20,000 से अधिक वोट मिले.

 

आदमपुर सीट पर जीत के बाद बीजेपी उम्मीदवार ने जताया जनता का आभार

हरियाणा के आदमपुर विधानसभा सीट पर जीत के बाद भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई ने जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ‘मैं आदमपुर की जनता का आभार देता हूं, जिन्होंने एक बार फिर हमारे परिवार को कायम रखने का और जात-पात के नाम पर राजनीति करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने का काम किया है.

 

धामनगर सीट पर बीजेपी-बीजद प्रत्‍याशियों के बीच और बढ़ा फासला

ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्‍याशी लगातार आगे चल रहे हैं. बीजपी और बीजद उम्‍मीदवारों के बीच फासला तकरीबन 7 हजार का हो गया है. ऐसे में बीजेपी उम्‍मीदवार के जीतने की संभावना ज्‍यादा है.

 

युनाव जीतने के बाद क्‍या बोलीं बीजेपी नेता कुसुम देवी

गोपालगंज विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्‍याशी कुसुम देवी विजयी रही हैं. चुनाव जीतने के बाद उन्‍होंने कहा कि सबकी जीत ही उनकी जीत है. उन्‍होंने कहा कि पूरा गोपालगंज जिला उनके साथ है. उन्‍होंने विकास के काम को पूरा करने की भी बात कही है.

 

शिवसेना प्रत्‍याशी की जीत पक्‍की

मुंबई की अंधेरी पूर्व विधानसभा सीट पर शिवसेना (उद्धव गुट) को वॉकओवर उसी वक्‍त मिल गया था, जब बीजेपी ने अपना प्रत्‍याशी वापस लेने की घोषणा की थी. इसका असर मतगणना में भी दिख रहा है. शिवसेना उम्‍मीदवार ऋतुजा लटके 66247 वोटों के साथ सबसे आगे चल रही हैं. दूसरे नंबर पर 12776 वोट के साथ नोटा है.

 

शहनवाज हुसैन का बड़ा दावा

बिहार के पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता शहनवाज हुसैन ने बड़ा दावा किया है. उन्‍होंने कहा कि मोकामा में जीत का अंतर कम हुआ है. इससे वहां भाजपा के भविष्‍य के बारे में समझा जा सकता है. उन्‍होंने लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटों पर जीत हासिल करने का भी बड़ा दावा किया है.

 

मोकामा से अगला विधायक भाजपा का होगा- बीजेपी नेता

मोकामा और गोपालगंज उपचुनाव का रिजल्ट आने के बाद मुंगेर से भाजपा विधायक प्रणव कुमार ने कहा कि बिहार की जनता अब सरकार के खिलाफ हो गई है. मोकामा में 1995 के बाद पहली बार भाजपा चुनाव लड़ी. बूथ पर कार्यकर्ता नहीं थे, फिर भी मात्र 16 हजार से हारे. हर बूथ पर वोट काटने का हमने काम किया. उन्‍होंने कहा कि पिछली बार अनंत सिंह ने एनडीए के प्रत्याशी को 35 हजार वोट से हराया था. इससे साफ पता चलता है की मोकामा में बीजेपी का ही अगला विधायक होगा.

 

ओडिशा की धामनगर सीट पर बीजेपी की बढ़त बरकरार

ओडिशा की धामनगर सीट पर भी उपचुनाव हुआ था. यहां मुख्‍य मुकाबला सत्‍तारूढ़ बीजू जनता दल और भाजपा के बीच है. बीजेपी प्रत्‍याशी इस सीट पर शुरू से ही आगे चल रहे हैं. भाजपा प्रत्‍याशी 5 हजार से ज्‍यादा मतों से लीड कर रहे हैं.

 

गोपालगंज में ओवैसी की पार्टी ने वोट काटा- मनोज झा

गोपालगंज में राजद की हार पर पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और राज्‍यसभा सदस्‍य मनोज झा ने बड़ी टिप्‍पणी की है. उन्‍होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने वोट काटा है, जिसका असर हुआ है.

 

बिहार की दोनों सीटों पर सरकार की हार- विजय सिन्‍हा

बिहार में हुए दो सीटों पर उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. मोकामा में RJD तो गोपालगंज में BJP की जीत हुई है. नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा का कहना है कि दोनों सीटों पर सरकार की हार हुई है और मोक़मा में छोटे सरकार की जीत हुई है. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह अगर निर्दलीय भी चुनाव लड़ते तो जीत जाते. महागठबंधन की हार दोनों सीटों पर हुई है.

Related Articles

Back to top button