क्या हो रहा है बालासाहेबांची शिवसेना’ में , अब मंत्री-MLA भिड़े, NCP को भी घसीटा

महाराष्ट्र सरकार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। अब खबर है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समर्थक दो और विधायक क्षेत्र के मुद्दों को लेकर टकरा गए हैं। एरंदोल विधायक चिमनराव पाटिल ने मंत्री गुलाबराव पाटिल पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को फंड जारी करन के आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है। हाल ही में कहा जा रहा था कि निर्दलीय विधायक रवि राणा और प्रहार जनशक्ति पार्टी के बच्चू कडू के बीच भी विवाद चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चिमनराव ने मंत्री गुलाबराव पर क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, कहा जाता है कि दोनों नेता शिवसेना में भी एक-दूसरे के खिलाफ बात करते रहे हैं। विधायक ने दावा किया है कि मंत्री उनके क्षेत्र के विकास की जगह राकंपा के उनके प्रतिद्वंदी को फंड जारी कर रहे हैं।
उन्होंने सीएम शिंदे से मंत्री के खिलाफ एक्शन की मांग की है और कहा, ‘जानबूझकर मुझे दरकिनाकर करने की कोशिश की गई।’ एक रिपोर्ट के अनुसार, उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाले समूह में नजरअंदाज किए गए चिमनराव बाद में शिंदे गुट में शामिल हो गए थे, लेकिन गुलाबराव के भी गुट में आने और फिर मंत्री बनने के बाद उनकी कोशिशों को चोट पहुंची थी। कहा जाता है कि शिंदे, चिमनराव को कैबिनेट में शामिल करने का वादा पूरा करने में असफल रहे थे।
और विधायकों की कहानी
निर्दलीय विधायक और अमरावती सांसद नवनीत राणा के पति रवि ने विधायक कडू पर रुपये लेकर समर्थन देने के आरोप लगाए थे। इसके बाद कडू ने 1 नवंबर तक राणा से बयान वापस लेने की मांग की है और ऐसा नहीं होने की स्थिति में वह उनके खिलाफ केस दर्ज करा सकते हैं। कडू ने मामले में सीएम शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से सफाई मांगी है। पीजेपी नेता का कहना है कि अगर दोनों शीर्ष नेता मामले को नहीं सुलझाते हैं, तो उनके समर्थक 8 विधायक बड़ा फैसला ले सकते हैं।



