पंडित रवीशंकर शुक्ल वार्ड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मातर तिहार


रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ला वार्ड में मातर तिहार छत्तीसगढ़ी परम्परा के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड स्तरीय मातर तिहार के मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर नगर निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष एव पंडित रवीशंकर शुक्ल वार्ड के पार्षद आकाश तिवारी ने वार्ड वासियो के साथ बड़ी धूमधाम से मातर तिहार मनाया।
छत्तीसगढ़ राज्य कृषि प्रधान राज्य है। कार्तिक मास के लगते ही खेतों में लहलहाती और सोने सी दमकती धान की बालियां लोक जनजीवन में असीम ऊर्जा और उत्साह का संचार करती है। पावन पर्व दीपावली में जैसे दीप घर आंगन में जलाए जाते हैं। वैसे ही खुशियों और समृद्धि के दीप लोकजीवन को आलोकित करता है।
शहरों में जहां भौतिक सुख सुविधाएं प्रदान करने वाली वस्तुएं खरीदकर और कृत्रिम विद्युत प्रकाश से दीपावली मनाई जाती है वहीं गांवों में दीपावली अन्न के रुप में लक्ष्मी के शुभ आगमन और ग्राम्य देवी देवताओं और गौमाता के पूजन का पर्व है। लगातार 5 दिन तक हर्षोल्लास के साथ संपन्न होने वाले दीपावली पर्व के पंचम दिवस छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में मातर पर्व मनाने की परंपरा है। मातर के दिन आसपास के परिजनों और ग्रामीणों को भी आमंत्रित किया जाता है। इस दिन भाई दूज भी मनाया जाता है।



