बेगूसराय बंद का आह्वान, फायरिंग मामले में 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड, घायलों से मिले बीजेपी नेता

बिहार के बेगूसराय में अंधाधुंध फायरिंग मामले में एसपी ने एक्शन लेते हुए 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं मामला राजनीतिक रंग लेने लगा है। बीजेपी ने गोलीकांड के विरोध में आज बेगूसराय बंद का आह्वान किया है। भाजपा ने पूरे जिले में चक्का जाम का ऐलान किया है। सांसद गिरिराज सिंह और शाहनवाज हुसैन ने बेगूसराय पहुंचकर घायलों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। आपको बता दें कि कल शाम दो बदमाशों ने हाइवे पर 6 जगहों पर फायरिंग करके दहशत फैला दी। इस फायरिंग में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने महागठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदेश में अपराधियों के बेलगाम होने का आरोप लगाया है।
मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे दो बदमाशों ने पूरे बेगूसराय शहर को दहला दिया। नेशनल हाइवे 28 पर निकले इन बदमाशों ने एक के बाद एक कई जगहों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। कुल 10 लोगों को इन बदमाशों ने गोली मारी, जिनमें से एक चंदन कुमार नाम के शख्स की मौत हो गई। फुलवरिया बछवाड़ा, तेघडा और चकिया थाना इलाकों मे फायरिंग की एक के बाद एक खबर आती रही और बेगूसराय के अस्पतालों में एक के बाद एक घायल लोग लाए जाते रहे।



