Road Safety World Series: इंडिया लीजेंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को 61 रन से हराया

इंडिया लीजेंड्स ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के दूसरे सीजन के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स को 61 रनों से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया लीजेंड्स ने स्टुअर्ट बिन्नी की नाबाद 82 रनों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 217 रन बनाए। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन ही बना सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया लीजेंड्स की शुरुआत अच्छी रही। सचिन तेंदुलकर और नमन ओझा के बीच पहले विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद सचिन तेंदुलकर 15 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। अगले ही ओवर में नमन भी 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सुरेश रैना ने 22 गेंदों में 33 रन की दमदार पारी खेली। युवराज ने 8 गेंद में 6 रन बनाए। युसूफ पठान ने 12 गेंदों में 25 रन का योगदान दिया। आखिरी पांच ओवरों में भारत ने 80 से ज्यादा रन बटोरे।
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज 2022 में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिसे 4 शहरों में कुल 23 मैच खेलने हैं। इसमें भाग लेने वाली टीमों में इंडिया लीजेंड्स, दक्षिण अफ्रीका लीजेंड्स, वेस्टइंडीज लीजेंड्स, ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स, श्रीलंका लीजेंड्स, बांग्लादेश लीजेंड्स, इंग्लैंड लीजेंड्स और न्यूजीलैंड लीजेंड्स शामिल हैं। टूर्नामेंट का मकसद लोगों के बीच रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता फैलाना है।



