टीएस सिंहदेव के इस्तीफे को लेकर विधानसभा में बीजपी विधायकों का जोरदार हंगामा, कार्यवाही कल तक स्थगित

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मॉनसून सत्र पहले दिन विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया। शून्यकाल में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से इस्तीफे का मुद्दा उठा। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मुद्दा उठाया। इसे व्यवस्था का प्रश्न बताकर भूपेश बघेल सरकार से जवाब मांगा गया। विधायक ने कहा कि प्रदेश में संवैधानिक संकट की स्थिति बन गई है। मंत्री ने पत्र लिखकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को पहले 10 मिनट के लिए और बाद में गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया।

मॉनसून सत्र शुरू होते स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के पंचायत विभाग से इस्तीफे के मुद्दे पर हंगामा हो गया। मंत्री टीएस सिंहदेव के इस्तीफे के मसले पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा विधायकों ने हंगामा शुरू किया। भाजपा के अजय चंद्राकर सहित दूसरे विधायकों ने सवाल उठाए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व मंत्रियों का सामूहिक उत्तरादायित्व के तहत जवाब आना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि एक मंत्री का मुख्यमंत्री को पत्र लिखना संवैधानिक संकट और व्यवस्था का प्रश्न नहीं होता। मंत्री का इस्तीफा स्वीकार करने की सूचना विधानसभा सचिवालय को नहीं है। भाजपा विधायकों के हंगामा की वजह से सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई तो भाजपा ने हंगामा जारी रखा।

जल जीवन मिशन पर सदन का वाकआउट  
भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर जवाब मांगा। कांग्रेसी विधायक इस पर जवाब देने लगे। मुख्यमंत्री की तरफ से जवाब नहीं आने पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद सदन की कार्यवाही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी है। इससे पहले सदन की कार्रवाई शुरू होते ही प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने जल जीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में देरी और गड़बड़ी को लेकर जोरदार हंगामा किया और सदन का वॉकआउट किया। भाजपा विधायकों ने कहा कि मंत्रियों के तय प्रोटोकाल का पालन नहीं हो रहा है। कोरोनाकाल में फैसलों के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति अभी भी फैसले ले रही है। सीएस को मंत्रियों के ऊपर बिठाया जा रहा है। इसपर विपक्ष ने सदन में हंगामा किया।

Related Articles

Back to top button