श्रीलंका में लगा आपातकाल,राजपक्षे भागे, अब संसद और पीएम हाउस पर प्रदर्शनकारियों का धावा

खबरों के अनुसार श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के देश छोड़ने के बाद उग्र प्रदर्शन के मद्देनजर आपातकाल लागू कर दिया गया है.

प्रधानमंत्री रानील विक्रमसिंहे के दफ्तर के बाहर इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को टियर गैस छोड़ने पड़े.

इन सबके बीच भारत की ओर से उन अटकलों पर विराम लगाया गया है जिनमें कहा जा रहा था कि श्रीलंका के राष्ट्रपति के भागने में भारत ने उनकी मदद की है. भारत में ऐसे अटकलों को सिरे से नकारा है.

बुधवार सुबह राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने अपनी पत्नी के साथ देश छोड़ दिया है. खबरों के अनुसार उन्होंने मालदीव की राजधानी माले में शरण ली है.

साथ ही यह भी खबर है कि उन्होंने अब तक स्पीकर को अपना इस्तीफा नहीं सौंपा है. इससे पहले उन्होंने स्पीकर को बताया था कि 13 जुलाई को वे अपना इस्तीफा सौंप देंगे.

खबर है कि श्रीलंका के राष्ट्रपति अपनी पत्नी और दो बॉडीगार्ड के साथ श्रीलंका एयर फोर्स के विमान से मालदीव की राजधानी माले के लिए निकल चुके हैं.

श्रीलंका की मुख्य विपक्षी पार्टी राजिथ प्रेमदासा को अगला राष्ट्रपति नामित कर सकती है. इसी महीने 20 तारीख को नए राष्ट्रपति का चुनाव होना है.

श्रीलंका के राष्ट्रपति द्वारा देश छोड़ने की खबर ऐसे समय में सामने आई है जब एक दिन पहले ही उनके भाई और पूर्व वित्त मंत्री बेसिल राजपक्षे को देश छोड़ने की कोशिश करते हुए एयरपोर्ट पर रोका गया था.

बताया जा रहा है कि बेसिल राजपक्षे दुबई होते हुए अमेरिका के लिए रवाना होने वाले थे.

जानकारों का मानना है कि श्रीलंका में नई सरकार बनने के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को गिरफ्तार भी किया जा सकता था, इसी वजह से उन्होंने राष्ट्रपति रहते हुए खुद को देश से निकाल लिया है.

Related Articles

Back to top button