IND vs SA 1st T20  दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 7 विकेट से हराया, मिलर-डुसेन चमके

दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज के पहले टी20 मैच में भारत को 7 विकेट से हरा दिया. दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेंबा बावुमा ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. ओपनर ईशान किशन की 76 रन की पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाए जिससे मेहमान टीम को 212 रन का लक्ष्य मिला. दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट खोकर लक्ष्य 5 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इस सीरीज में भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं. इस तरह उनके नेतृत्व में खेले गए पहले ही मैच में टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी. दक्षिण अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने नाबाद 64 और डेर डुसेन ने नाबाद 75 रन की पारियां खेलीं. डुसेन ने 46 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके और 5 छक्के जड़े. वहीं, मिलर ने 31 गेंदों की अपनी तूफानी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 131 रन की अविजित साझेदारी भी की. भारत के लिए हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला.

इससे पहले टीम इंडिया के लिए ओपनर ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 76 रन का योगदान दिया. उन्होंने 48 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके और 3 छक्के जड़े. उनके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने 29 रन बनाए. अय्यर ने 27 गेंदों पर 3 छक्के और 1 चौका लगाया, वहीं पंत ने 16 गेंदों पर 2 चौके और इतने ही छक्के जड़े. ऋतुराज गायकवाड़ ने 15 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 23 रन बनाए और ईशान के साथ 57 रन की ओपनिंग साझेदारी भी की. उप-कप्तान हार्दिक पंड्या ने 12 गेंदों पर 31 रन बनाए और नाबाद लौटे. उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के लगाए. दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज, एनरिक नॉर्खिया, वेन पार्नेल और ड्वेन प्रिटोरियस को 1-1 विकेट मिला.

भारतीय टीम को ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन ने बढ़िया शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की. टीम इंडिया को पहला झटका पारी के 7वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा, ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को वेन पार्नेल ने तेंबा बावुमा के हाथों कैच करा दिया. गायकवाड़ ने 15 गेंदों की अपनी पारी में 3 छक्के लगाए.

Related Articles

Back to top button