हरियाणा में कांग्रेस की जीत तय, BJP हमेशा हॉर्स ट्रेडिंग में रहती है, वे सफल नहीं होंगे: राजीव शुक्ला

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला को हरियाणा चुनाव के लिए ऑब्जर्वर बनाया है। राज्यसभा चुनाव की सियासी गर्मी के बीच पर्यवेक्षक राजीव शुक्ला रायपुर पहुंचे और सीधे नवा रायपुर के मेफेयर होटल एवं रिसॉर्ट गए। रायपुर एयरपोर्ट पर हरियाणा में कांग्रेस की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा खरीद-फरोख्त, हॉर्स ट्रेडिंग में रहती है, लेकिन वे सफल नहीं होंगे।
कांग्रेस के पर्यवेक्षक राजीव शुक्ला ने कहा कि हरियाणा में हर हालत में कांग्रेस की जीत होगी। हमारे साथ पूरे विधायक हैं। जीत के लिए पर्याप्त विधायक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा खरीद-फरोख्त करती है। हॉर्स ट्रेडिंग में रहती है, लेकिन उनकी उम्मीदें सफल नहीं होगी। हम निश्चित रूप से जीतेंगे। हरियाणा में सीट हमें आएगी। रायपुर लाए गए विधायकों के बारे में शुक्ला ने कहा कि अभी हरियाणा के विधायकों का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। उदयपुर चिंतन शिविर के बाद प्रशिक्षण देकर ट्रेनिंग दे रहे हैं। मैं भी उसी सिलसिले में आया हूं।
पार्टी लाइन से कोई विधायक बाहर नहीं
राजीव शुक्ला ने कहा कि 28 विधायक रायपुर आए हैं। 3 विधायक जो नहीं आए हैं वह भी हमारे साथ हैं। पार्टी लाइन से कोई विधायक इधर-उधर नहीं होगा। पार्टी लाइन के साथ सभी अपना काम कर रहे हैं। कांग्रेस की ही जीत होगी। किसी भी विधायक में कहीं कोई नाराजगी नहीं है। चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक होगी। बैठक में रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात होगी। बता दें कि क्रासिंग वोटिंग के डर से कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा के 28 विधायकों व प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को रायपुर भेजा है।



