संगठन विस्तार करने धमतरी में पहुंचा माओवादी गिरफ्तार, 2 लाख का था इनाम, नक्सलियों की होने वाली थी बड़ी बैठक

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम को बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग पार्टी ने 2 लाख रुपये के इनामी नक्सली को दबोचा है। जवानों को देखकर माओवादी भाग रहा था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार नक्सली रावघाट नक्सल एरिया कमेटी का सदस्य, प्लाटून नंबर 5 का सेक्शन कमांडर और प्लाटून नंबर 25 का डिप्टी कमाडर है। वह कई बड़ी घटनाओं का वारंटी नक्सली है। संगठन विस्तार के लिए वह धमतरी जिले में आया था। धमतरी जिले में नक्सलियों के बड़े कैडर की बैठक होना भी उसने बताया है। पुलिस गिरफ्तार माओवादी से पूछताछ कर रही है।
धमतरी एसपी प्रशांत ठाकुर ने बताया कि 2 जून को जिले के दौड़पडरीपानी क्षेत्र में नक्सल मूवमेंट की सूचना मिली थी। स्पेशल डीआरजी टीम को रवाना किया गया। नक्सली क्षेत्र में जवान सर्चिंग कर रहे थे तभी दौड़पडरीपानी के जंगल में एक संदिग्ध भागने लगा। उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मुकेश उर्फ सुकलू गावड़े, ग्राम-खरकापाल, थाना-बड़गाव जिला-कांकेर का निवासी होना बताया। पहले तो वह पुलिस को कुछ बता नहीं रहा था, लेकिन कड़ाई करने पर वह टूट गया और खुद को माओवादी संगठन से जुड़कर काम करना बताया। वह माओवादी संगठन का विस्तार करने तथा नक्सलियों की मीटिंग कराने के उद्देश्य से आया था।
कांकेर जिले के थानों से 10 स्थायी वारंट जारी
पूछताछ में मुकेश ने 2009 से नक्सल संगठन से जुड़ने की बात बताई। वह रावघाट नक्सल एरिया कमेटी का सदस्य, प्लाटून नंबर 5 का सेक्शन कमांडर, प्लाटून नंबर-25 का डिप्टी कमांडर (परतापुर एरिया कमेटी अंतर्गत) होना बताया। एसपी ने बताया कि मुकेश ने कई घटनाओं में शामिल होना बताया। इसके बाद कांकेर जिले की पुलिस से संपर्क कर जानकारी ली गई तब खुलासा हुआ कि मुकेश गावड़े वारंटी नक्सली है। जिले के कई थानों में 10 स्थायी वारंट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उस पर 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित है। बता दें कि सप्ताहभर पहले आईजी ओपी पाल ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के थानों का निरीक्षण किया था।



