रेलवे को घाटे में बताकर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी, मुख्यमंत्री भूपेश बोले- विदेश से कोयला खरीदी में स्कैम की आशंका

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार कोयला परिवहन के लिए सैकड़ों की संख्या में यात्री ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे और रेलवे को घाटे में बता निजी हाथों को सौंप दिया जाएगा। बघेल ने कहा कि परसा कोल माइंस की अनुमति केंद्र सरकार ने दी है। इसके बाद हमें भी अनुमति देनी पड़ी। अगर ऐसा नहीं करते तो राज्य सरकार पर सवाल उठाते। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को बिजली चाहिए या नहीं, यह देश को तय करना है। विदेश से कोयला मंगाने में बड़े स्कैम की आशंका है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 में कोयला घोटाले का आरोप लगाकर कांग्रेस को बदनाम किया था। अब देश में कोयले का संकट बताकर 15 से 20 रुपये किलो में कोयला विदेश से मंगाया जा रहा है। लगता है इसमें स्कैम हो रहा है। सीएम बघेल ने कहा कि कोयले की कमी बताकर कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि रेल मंत्री से कई बार इस पर बात हो चुकी है। इसके बाद भी ट्रेनें पटरी पर नहीं आई है। परसा कोल ब्लॉक पर सीएम ने कहा कि खनन और खनिज का दोहन सही तरीके से आदिवासी समुदाय के हितों के साथ हो। नियमों के विपरीत काम नहीं होना चाहिए। देश को बिजली चाहिए या नहीं यह देश को तय करना है।
महंगाई बढ़ा रही है केंद्र सरकार
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सीमेंट और छड़ का रेट बढ़ने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि डीजल का रेट बढ़ने के कारण महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार सेस कम कर दे तो हम भी वैट कम कर देंगे। वे महंगाई बढ़ा रहे हैं और हम इधर लोगों का आय बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार आम जनता को मुश्किल में डाल रही है।
2023 में काम के बदले मांगेंगे वोट
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ को पहले नक्सलियों और खदानों के लिए जाना जाता था, लेकिन हमने यहां की संस्कृति को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जन चौपाल में की गई घोषणा पर जल्द अमल शुरू हो जाएगा। बजट सत्र में उन्हें शामिल किया जाएगा। हम 2023 के चुनाव में काम के बदले वोट मांगेंगे। सभाओं में वन अधिकार पट्टा में कम जमीन देने की शिकायत मिली है। इसको लेकर अफसरों को निर्देश दिए गए हैं।



