रायपुर-जगदलपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, कार चपेट में आई ट्रक-बस की भिड़ंत में, 1 की मौत, दर्जनभर घायल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक व बस के बीच भिड़ंत हो गई, जिसमें एक कार भी चपेट में आ गया। हादसे में कार सवार की मौत हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद बस पलट गई, जिसमें दर्जनभर से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को अभनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसा राखी थाना क्षेत्र के रेडियंट स्कूल निमोरा के पास हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक साईं कृपा ट्रेव्हल्स की बस क्रमांक सीजी 05 एजे 4538 रायपुर से धमतरी जा रही थी। बस में 20 से 25 लोग सवार थे। वहीं धमतरी से रायपुर की ओर ट्रक आ रही थी। निमोरा के रेडियंट स्कूल के पास कार सवार बस को ओवर टेक कर रहा था, इसी दौरान सामने ट्रक से टकराई और फिर बस की चपेट में आ गया। बस की स्पीड अधिक होने के कारण ड्राइवर बस को नियंत्रित नहीं कर पाया। हादसे के बाद बस बलट गई, जिससे दर्जनभर से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। वहीं कार के परखच्चे उड़ गए। कार में दो लोग सवार थे, जिसमें चालक अवंती विहार रायपुर निवासी सृजन अग्रवाल (35 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति और घायल हो गया। सृजन किसी व्यवसाय से जुड़ा बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मच गई चीख-पुकार
दुर्घटना के बाद बस पलटने से चीख पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को बस से निकाला गया। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अभनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जिसमें 8 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस भीषण हादसे के बाद रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे में दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस को रास्ता क्लीयर करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।



