PM मोदी-शाह और जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ दौरा लोकसभा चुनाव से पहले

रायपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं लेकर प्रचार करेंगे। पार्टी की चुनावी तैयारियों की विस्तार से चर्चा करते हुए शिवरतन शर्मा ने बताया कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में विभाजित कर प्रभारी व सह प्रभारियों की नियुक्ति की। इसी प्रकार संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नियुक्तियां की गई है। शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लगने से पहले ही पूरे 11 प्रत्याशियों की घोषणा होने का बाद लोकसभा क्षेत्रों एवं विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हो चुका है। सभी लोकसभा प्रत्याशियों का अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में सघन दौरा प्रारंभ हो चुका है। लोकसभा चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से 37 कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक व सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष के एवं भाजपा की प्रदेश सरकार के 3 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे।
भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने बाद से ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की रचना की। इस क्रम में गाँव चलो अभियान का प्रारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। इस अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता गए। इस अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर में, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव रायपुर ग्रामीण में एवं गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक नारायण चंदेल जांजगीर में प्रवास कर 24 घंटे का समय व्यतीत किए।



