चार लोग एक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, दो की मौत अज्ञात वाहन की ठोकर से, दो गंभीर

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अज्ञात वाहन की ठोकर से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। चारों एक ही बाइक पर पर सवार होकर जा रहे थे, तभी ढेलवाडीह-कटघोरा बायपास के पतरापाली के निकट किसी अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवारों को ठोकर मार दी। दुर्घटना में दो की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह भीषण हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र में हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कटघोरा टीआई नवीन देवांगन ने बताया कि ढेलवाडीह-कटघोरा बायपास मार्ग पर हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम व डायल 112 को मौके पर भेजा गया। हादसे में अजय कंवर (38) व रोहित श्रोते (19) की मौत हुई है। वहीं जयदीप कंवर (30) और रामगोपाल कंवर (29) घायल हैं। दोनों कटघोरा के छिर्रा के निवासी हैं। एक घायल युवक को गंभीर अवस्था में बेहतर इलाज के लिए कोरबा रेफर किया गया है। वही एक अन्य घायल को कटघोरा सीएचसी में दाखिल किया गया है। कोरबा रेफर किए गए युवक की स्थित गंभीर बनी हुई है।

भारी वाहनों के नगर प्रवेश को लेकर नाराजगी
पुलिस के अनुसार बाइक सवारों को किस वाहन ने चपेट में लिया यह साफ नहीं हो सका है। क्षत-विक्षत शवों को देखकर भारी वाहन से दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। अज्ञात वाहन के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। बता दें कि पिछले सप्ताह भी ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भारी वाहनों के शहर प्रवेश को लेकर कटघोरा पुलिस को स्थानीय लोगों के नाराजगी का शिकार होना पड़ा था। गुरुवार को हुए हादसे के बाद एक बार फिर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

Related Articles

Back to top button