छत्तीसगढ़:200 करोड़ रुपए की काली कमाई आयकर विभाग ने पकड़ी , छग के दो व्यावसायिक घरानों में IT का पड़ा था छापा

आयकर विभाग ने छत्तीसगढ़ में दो व्यावसायिक समूहों के ठिकानों पर छापे में 200 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी धन संपत्ति का पता लगाने का दावा किया है। विभाग के बुधवार को जारी एक बयान के मुताबिक 22 दिसंबर को इस कार्रवाई में रायपुर और कोरबा के इन समूहों के रायपुर, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग और रायगढ़ में फैले 35 ठिकानों पर जांच की थी। उक्त समूह समूह लोहा और इस्पात के उत्पाद बनाने, कोयला वाशरी तथा माल परिवहन आदि के व्यवसाय में लगे हैं। आयकर विभाग ने बयान में कहा गया है कि इन समूह की फर्मों द्वारा रखे जाने वाले दो समानांतर बही-खाते पकड़े गए। आयकर अफसरों के मुताबिक जांच में 200 करोड़ रुपए से अधिक के बेहिसब धन के लेन-देन का पता चला है। आयकर विभाग की यह कार्रवाई तीन दिनों तक चली थी और 100 से भी अधिक अफसरों ने दस्तावेजों की पड़ताल की थी।
आयकर विभाग के मुताबिक इनमें से एक समूह की इकाइयों ने अपने एक बही-खाते में उत्पादन कम दिखाया और बाकी के मामले की बिक्री नकदी में की। उस बिक्री को नियमित खाते में नहीं चढ़ाया गया। इसी तरह की एक-एक इकाई के बही-खाते में करीब 50 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज नहीं की गई है। दूसरे समूह की इकाइयों के यहां भी अनेक ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिनमें शेयरों पर बिना आधार के ऊंचे प्रीमियम पर शेयर पूंजी हासिल करके कर चुराने का मामला सामने आया है। विभाग के अनुसार इस समूह के प्रमुख व्यक्ति ने 20 करोड़ रुपये की अघोषित आय की बात स्वीकार की है। इन छापों में तीन करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात भी बरामद हुए हैं।
रायपुर, रायगढ़, कोरबा के 35 ठिकानों में खंगाले थे दस्तावेज
बता दें कि आयकर विभाग की टीम 22 दिसंबर को छत्तीसगढ़ सेल्स कॉरपोरेशन व सर्वमंगला कंस्ट्रक्शन के रायपुर, रायगढ़, कोरबा व दुर्ग में एक साथ 35 जगहों पर कार्रवाई की थी। दोनों संस्थानों के अलग-अलग ठिकानों पर इनकम टैक्स के अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच पड़ताल की थी। कोरबा जिले के दर्री रोड रोड स्थित छत्तीसगढ़ कॉरपोरेशन के संचालक भगवान दास अग्रवाल व उनके भाई राजकुमार अग्रवाल के निवास पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी थी। कोरबा के पावर हाउस रोड स्थित संचालित ज्वेलर्स की दुकान व ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय में भी इनकम टैक्स की टीम ने जांच पड़ताल की थी। आयकर विभाग की टीम ने रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित रवि सिंघल के दफ्तर व आवास में भी जांच की थी। रवि सिंघल रायगढ़ की कंपनी स्कॉई अलॉइज के मालिक हैं। रायपुर के शंकर नगर में अलका सोनी, वॉलफोर्ट सिटी में प्रदीप अग्रवाल और सुमीत-अमित अग्रवाल के तेलीबांधा स्थित कार्यालय व दुर्ग में पंचशील नगर में एक कारोबारी के यहां छापा मारा था।



