कालीचरण महाराज पर छत्तीसगढ़ के बाद महाराष्ट्र में भी केस दर्ज, रायपुर पुलिस की आधा दर्जन टीमें गिरफ्तार करने रवाना

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित धर्म संसद में महात्मा गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी व नाथूराम गोड़से को प्रणाम करने वाले संत कालीचरण की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। छत्तीसगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र में भड़काऊ भाषण देने पर अपराध दर्ज किया गया है। 19 दिसंबर को पुणे के नातू बाग में आयोजित कार्यक्रम में कालीचरण महाराज ने भड़काऊ भाषण दिया था। सोशल मीडिया में वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद पुणे की पुलिस ने कालीचरण पर केस दर्ज किया है। इधर छत्तीसगढ़ पुलिस ने कालीचरण को गिरफ्तार करने आधा दर्जन टीमें बनाई है। टीमें महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में बाबा के संभावित ठिकानों पर दबिश देगी।
बता दें कि 26 दिसंबर को रायपुर के धर्म संसद में महात्मा गांधी पर संत कालीचरण ने अपमानजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें मारने वाले नाथूराम गोड़से को साष्टांग प्रणाम किया था। इस मामले को लेकर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने सिविल लाइन और रायपुर निगम के सभापति प्रमोद दुबे ने टिकरापारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गिरफ्तारी से पहले कालीचरण महाराष्ट्र फरार हो गया। अपराध दर्ज होने के दूसरे दिन कालीचरण का एक और वीडियो सोशल मीडिया में सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी टिप्पणियों को फिर दोहराया। वीडियो में कालीचरण ने कहा है कि मुझे अपने बयान पर कोई पश्चाताप नहीं है। मैं गांधी को राष्ट्रपिता नहीं मानता हैं। यदि सच बोलने की सजा मृत्युदंड है तो वह भी मुझे स्वीकार है। कालीचरण ने वीडियो में गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को महात्मा बताया है।
कालीचरण के ठिकानों पर दबिश देगी पुलिस की टीमें
महात्मा गांधी पर अपशब्द कहने को लेकर रायपुर पुलिस ने कालीचरण के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (2) (विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान) तथा 294 (अश्लील कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि कालीचरण को अपने बयान पर दुख नहीं है और वे बहुत साहसी हैं तो आकर सरेंडर करे। उन्होंने यह भी कहा था कि बयानबाजी करने के बजाय सरेंडर कर दें नहीं तो छत्तीसगढ़ पुलिस गिरफ्तार करने जाएगी। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने आधा दर्जन टीमें बनाई है जो कालीचरण के संभावित ठिकानों पर दबिश देगी। एडिशनल एसपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए टीम रवाना की गई है।

Related Articles

Back to top button