IND vs SA: राहुल बने बॉक्सिंग-डे टेस्ट के पहले दिन शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय , की बराबरी सहवाग-अजहरुद्दीन की

दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय ओपनर केएल राहुल ने शतक जड़ा। उन्होंने इस शतक के साथ कई बेहतरीन रिकॉर्ड अपने नाम किए। राहुल बॉक्सिंग-डे टेस्ट के पहले दिन शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय ओपनर बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी की।
अजहरुद्दीन ने खेली थी बेहतरीन पारी
हालांकि, बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में राहुल अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ चुके हैं। राहुल फिलहाल 122 रन बनाकर नाबाद हैं। अजहरुद्दीन ने 1998 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन 103 नाबाद रन की पारी खेली थी। यह मैच न्यूजीलैंड के वेलिंग्टन में खेला गया था।
इस मैच में कीवी टीम ने भारतीय टीम को पहले दिन ही पहली पारी में 208 रन पर समेट दिया था। अजहरुद्दीन के अलावा सचिन तेंदुलकर ने 47 रन बनाए थे। इसके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका था। छह बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ नहीं छू सके थे। न्यूजीलैंड ने यह मैच चार विकेट से जीता था।
2003 में चला था सहवाग का तूफान
बॉक्सिंग-डे टेस्ट के पहले दिन भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के नाम है। उन्होंने 2003 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न में खेले गए तीसरे टेस्ट में 195 रन की पारी खेली थी। पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 366 रन बनाए थे। इसमें से सहवाग का योगदान आधे से भी ज्यादा था।
सहवाग के अलावा राहुल द्रविड़ ने 49 रन की पारी खेली थी। सौरव गांगुली ने 37 रन बनाए थे। भारत के पांच बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए थे। इसमें आशीष नेहरा, जहीर खान, अजीत आगरकर, पार्थिव पटेल और सचिन तेंदुलकर शामिल हैं। भारत यह बॉक्सिंग डे टेस्ट नौ विकेट से हार गया था।
पहले टेस्ट मैच में अब तक क्या हुआ
सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट गंवाकर 272 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 248 गेंदों पर 122 रन बनाकर नाबाद हैं। अभी तक राहुल ने अपनी पारी में राहुल 16 चौके और एक छक्का लगाया है।
वहीं, अजिंक्य रहाणे भी मैदान पर जमे हुए हैं। वे 81 गेंदों पर 40 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी हो चुकी है। इन दोनों से काफी उम्मीदें होंगी। दूसरा दिन अब तक बारिश की वजह से शुरू नहीं हो सका है। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने तीनों विकेट झटके।



