ताजमहल पर टूटा रिकॉर्ड: एक दिन में दीदार किया 35 हजार सैलानियों ने, रविवार को भी लगी कतार

सर्दी के मौसम में भी ताजमहल के लिए पर्यटकों की दीवानगी कम नहीं है। क्रिसमस की छुट्टियों के पहले दिन शनिवार को ताजमहल पर सैलानियों का रिकॉर्ड टूट गया। शनिवार को 33,791 सैलानियों ने टिकट खरीदकर प्रवेश किया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पास वीआईपी मेहमानों, ग्रुप के आने के कारण शनिवार को 35 हजार से ज्यादा सैलानियों ने ताजमहल निहारा। सुबह 11 बजे से लेकर 5 बजे तक ताज पर पर्यटकों की भारी भीड़ बनी रही। दोपहर में ताज के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर प्रवेश के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। पर्यटक दो से ढाई घंटे में प्रवेश कर सके। ऐसे में यमुना एक्सप्रेसवे से आए कई सैलानी ताज देखे बिना अन्य स्मारकों पर चले गए। केवल ताज नहीं, बल्कि आगरा किला पर भी सैलानियों की भीड़ रही। रविवार को भी ताज के दीदार के लिए पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। प्रवेश द्वार पर पर्यटकों की कतारें लगी हैं। 
आगरा किले पर दो से तीन हजार सैलानियों की संख्या रहती है, पर क्रिसमस पर 8 हजार से ज्यादा सैलानी पहुंचे। ताज के अंदर प्रवेश न कर पाए सैलानियों ने महताब बाग जाकर ताज निहारा, इसी वजह से महता बाग पर 689 सैलानी पहुंचे, जबकि अन्य वीक एंड पर इनकी संख्या 300 तक ही रहती है। 

इतने पर्यटक आगरा आए 
स्मारक       –   पर्यटक
ताजमहल     – 33,791
आगरा किला     – 8067
फतेहपुर सीकरी –   1582
एत्माद्दौला     – 750
महताब बाग    –  689
रामबाग    –  277

नए साल से पहले ताजमहल पर पर्यटकों की आमद जरूर बढ़ी है, लेकिन कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने ताजनगरी की चिंता फिर बढ़ा दी हैं। क्योंकि इस साल होटलों में नए साल पर जश्न नहीं होंगे। भव्य समारोह भी स्थगित हो गए हैं। 
कोरोना की संभावित तीसरी लहर और रात्रि कर्फ्यू के कारण होटलों में 70 फीसदी बुकिंग निरस्त हो गई है। बुकिंग कराने वाले पर्यटक होटलों में फोन कर शहर में संक्रमण की स्थिति पूछ रहे हैं। जयपुर, दिल्ली, केरल व महाराष्ट्र से आने वाले पर्यटकों ने सबसे ज्यादा बुकिंग रद्द कराई हैं।

Related Articles

Back to top button