गांधी परिवार और लालू पर जमकर बरसे प्रधानमंत्री मोदी, जानिए क्या-क्या कहा
पीएम मोदी ने बिहार में शुक्रवार को तीन चुनाव रैलियों को संबोधित किया। इन रैलियों में एक ओर जहां पीएम मोदी ने सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की जमकर तारीफ की तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने तीनों रैलियों में राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद पर जमकर हमला बोला।
पीएम मोदी की पहली रैली सासाराम में थी। इस रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक समय था जब बिहार में सूरज ढलने के बाद सब कुछ बंद हो जाता है। डकैती, हत्या और रंगदारी सरकार की निगरानी में होता था। लेकिन अब ऐसा नहीं है। नीतीश जी के नेतृत्व में जब से राज्य में एनडीए की सरकार बनी है, राज्य में कानून का राज कामय है। पीएम ने भोजपुरी में कहा कि बिहार में अब लालटेन के जमाना गईल।
पीएम मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने सरकारी नियुक्तियों के लिए बिहार के नौजवानों से लाखों की रिश्वत खाई, वो फिर बढ़ते हुए बिहार को ललचाई नजरों से देख रहे हैं। आज बिहार में पीढ़ी भले बदल गई हो, लेकिन बिहार के नौजवानों को ये याद रखना है कि बिहार को इतनी मुश्किलों में डालने वाले कौन थे? बिहार के लोग भूल नहीं सकते वो दिन जब सूरज ढलते का मतलब होता था, सब कुछ बंद हो जाना, ठप्प पड़ जाना। आज बिजली है, सड़के हैं, लाइटें हैं और सबसे बड़ी बात वो माहौल है जिसमें राज्य का सामान्य नागरिक बिना डरे रह सकता है, जी सकता है।
पीएम ने कहा कि जितने सर्वे हो रहे हैं, जितनी रिपोर्ट आ रही है, सभी में ये ही आ रहा है कि बिहार में फिर एक बार, NDA सरकार बनने जा रही है। बिहार के लोगों ने मन बना लिया है, ठान लिया है कि जिनका इतिहास बिहार को बीमारू बनाने का है, उन्हें आसपास भी नहीं फटकने देंगे। इस दौरान पीएम मोदी ने कई मौकों पर नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। पीएम ने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए तेजी से जो फैसले लिए गए हैं, जिस तरह बिहार के लोगों ने काम किया, नीतीश कुमार जी के लोगों ने, एनडीए सरकार ने काम किया, उसके नतीजे आज दिख रहे हैं। दुनिया के बड़े-बड़े अमीर देशों की हालत किसी से छिपी नहीं है। अगर बिहार में तेजी से काम न हुआ होता तो ये महामारी न जाने कितने साथियों की, हमारे परिवारजनों की जान ले लेती, कितना बड़ा हाहाकार मचता, इसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता। मैं बिहार के लोगों को इतनी बड़ी आपदा का डटकर मुकाबला करने के लिए बधाई देना चाहता हूं।
गया में पीएम ने की अपील, नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार में फिर से बनावाएं सरकार
पीएम मोदी की दूसरी रैली गया में थी। यहां भी पीएम मोदी ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया। पीएम मोदी ने राज्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि नीतीश कुमार जी की अगुवाई में यहां बेहतर तालमेल वाली, तेजी से काम करने वाली सरकार बने इसके लिए आपका मतदान जरूर करना है। आपका वोट इसलिए जरूरी है ताकि बिहार फिर से बीमार न पड़ जाए। पीएम ने कहा कि जिन आशाओं और अपेक्षाओं के साथ आपने केंद्र में हमें अवसर दिया उनको तेजी से पूरा करने के लिए बिहार में फिर भाजपा, जेडीयू, हम पार्टी और वीआईपी पार्टी का गठबंधन यानी एनडीए सरकार जरूरी



