नागिन फेम एक्टर पर्ल वी पुरी गिरफ्तार, नाबालिग से रेप का आरोप

नई दिल्ली: टीवी जगत में बीते कुछ दिनों से खलबली मची हुई है। चंद रोज पहले ही सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है एक्टर करण मेहरा को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। करण मेहरा पर उनकी पत्नी निशा रावल ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। इसी बीच मुंबई पुलिस ने एक और टीवी एक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। यहां हम बात कर रहे हैं सीरियल नागिन 3 स्टार पर्ल वी पुरी की जिन पर रेप के आरोप लगे हैं।
खबरों की मानें तो बीती रात मुंबई पुलिस ने पर्ल वी पुरी को अरेस्ट किया है। बॉलीवुड बबल की एक रिपोर्ट के अनुसार ब्रह्मराक्षस 2 स्टार पर एक महिला ने रेप और छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। इस महिला और उसके परिवार ने कल पर्ल वी पुरी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए एक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
खबरों की मानें तो फिलहाल पर्ल वी पुरी जेल में हैं। इस केस के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है और न ही पर्ल वी पुरी ने इस बारे में कोई बात की है। वहीं दूसरी तरफ इंडस्ट्री से जुड़े पर्ल वी पुरी के करीबियों ने इस खबर पर मुहर लगाई है। पर्ल वी पुरी नागिन 3, बेपनाह प्यार, ब्रह्मराक्षस 2 जैसे टीवी शोज में काम कर चुके हैं।
गौरतलब है कि पर्ल वी पुरी का नाम अब तक टीवी अदाकारा करिश्मा तन्ना के साथ जोड़ा जाता था। दावा किया जा रहा था कि पर्ल वी पुरी, करिश्मा तन्ना को डेट कर रहे हैं। कुछ समय बाद ही खबर आई थी कि पर्ल वी पुरी और पर्ल वी पुरी का ब्रेकअप हो गया है। दोनों सितारे एक दूसरे को अपना अच्छा दोस्त बताते हैं।
चंद महीनों पहले ही टीवी एक्टर पर्ल वी पुरी ने अपने पिता को खो दिया था। कोरोना वायरस के कहर के बीच पर्ल वी पुरी के पिता का देहांत हो गया था। पिता के देहांत के बाद पर्ल वी पुरी बुरी तरह टूट गए थे। पिता के जाने के बाद पर्ल वी पुरी ने खुद को पूरी तरह से काम में व्यस्त कर लिया था। उन दिनों पर्ल वी पुरी ने सीरियल ब्रह्मराक्षस 2 की शूटिंग करना शुरू किया था।



