Mahindra की कार को आज ही खरीदें और 3 महीनें बाद से शुरू करें EMI, कंपनी ने लॉकडाउन में ग्राहकों के लिए लॉन्च की नई स्कीम


एजेंसी
नई दिल्ली: देश में कोरोना महामारी के चलते हुए लॉकडान ने ऑटो सेक्टर को खासा प्रभावित किया है। अब कंपनियां वाहनों की बिक्री बढ़ाने के लिए नित नए स्कीम और ऑफर पेश कर रही हैं। इसी क्रम में देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Mahindra भी अपने ग्राहकों के लिए एक खास ऑफर लेकर आई है। कंपनी अपने वाहनों के विस्तृत रेंज पर स्पेशल फाइनेंस स्कीम दे रही है, जिसे कंपनी ने “Own Now and Pay after 90 days” नाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, कंपनी ने इस स्कीम को इसलिए लॉन्च किया है ताकि ग्राहकों को आसान और सुविधाजनक फाइनेंस सर्विसेज उपलब्ध कराई जा सकें। जैसा कि स्कीम के नाम से ही आपको अंदाज लग गया होगा कि, इसके तहत ग्राहक यदि अभी महिंद्रा के वाहन खरीदता है तो उसकी मासिक किश्त (EMI) 3 महीने बाद से शुरू होगी।
साथ ही कंपनी का कहना है कि कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में जरूरी सेवाएं मुहैया कराने वाले ग्राहकों के पास तीन महीने बाद पेमेंट करने का विकल्प होगा। बता दें कि, महिंद्रा ने पिछले साल अपना नया “ओन ऑनलाइन” प्लेटफॉर्म लॉन्च किया था, जो ऑफलाइन फाइनेंस पार्टनर्स के लिए एक सहज ऑनलाइन ऋण स्वीकृति जैसे विकल्पों को चुनने की सुविधा प्रदान करता है।
जो ग्राहक “Own Online” प्लेटफॉर्म के तहत वाहन की खरीदारी करते हैं उन्हें 3,000 रुपये की एक्सेसरीज के साथ ऑनलाइन बुकिंग पर 2,000 रुपये तक का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। इन ऑफर्स के अलावा, ग्राहक आसान मासिक किश्तों में अपने एक्सेसरीज, एक्सटेंडेड वारंटी या वर्कशॉप भुगतान को भी कन्वर्ट कर सकते हैं और 3,000 रुपये तक का कैशबैक प्राप्त कर सकते हैं।
महिंद्रा वाहनों को फाइनेंस करवाने की दशा में न्यूनतम ब्याज दर (7.25%) पर 100% ऑन-रोड फंडिंग भी ऑफर कर रहा है। कंपनी अपने प्राइवेट यूटिलिटी वाहनों जैसे स्कॉर्पियो, बोलेरो, एक्सयूवी 500 इत्यादि पर अधिकतम 8 साल तक के लिए लोन टेन्योर (कर्ज भुगतान की समय सीमा) के साथ 799 रुपये प्रतिलाख का लोन ऑफर कर रही है। इस स्कीम के बारे में आप कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के साथ ही अपने नजदीकी डीलरशिप से भी संपर्क कर सकते हैं।



