हनी ट्रैप:MP की सियासत में फिर उछला हनी ट्रैप का मामला,कमलनाथ बोले- मेरे पास है असली सीडी

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के हनी ट्रैप मामले की पेन ड्राइव वाले बयान ने राज्य की राजनीति में हंगामा खड़ा कर दिया है। बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए ब्लैकमेलिंग करने और सत्ता का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को मीटिंग के दौरान, कांग्रेस विधायकों ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता उमंग सिंघार के खिलाफ दर्ज करवाई गई एफआईआर का मुद्दा उठाया था और सरकार पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया था।
बैठक के बाद कमलनाथ ने कहा था कि उनके पास अभी भी हनी ट्रैप मामले की पेन ड्राइव है, लेकिन वह सभ्य राजनीति करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा था कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें यह पेन ड्राइव मुहैया करवाई थी। पूर्व मुख्यमंत्री के बयान के बाद, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ”कमलनाथ राज्य सरकार को ब्लैकमेल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें खुलासा करना चाहिए कि यह पेन ड्राइव उन्हें कैसे मिली। जब वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने सरकारी सेवाओं का गलत इस्तेमाल किया। किसी नेता के खिलाफ कुछ भी साबित हुआ था, तो उन्होंने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की थी?
बता दें कि सितंबर, 2019 में मध्य प्रदेश में हनी ट्रैप स्कैंडल सामने आने के बाद बवाल मच गया था। इस मामले में पांच महिलाओं के साथ छह लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। एसआईआटी को नेताओं, आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के कई सारे वीडियोज मिले थे, जोकि आरोपियों के लैपटॉप, हार्ड डिस्क और मोबाइल फोन्स में थे।



