घर में सो रही युवती का पहले गला घोंटा, शोर मचाया तो गोली मार दी, घर में भी आग लगाई

मां के साथ सो रही युवती पर चार बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उसका गला घाेंटा। जब युवती ने शोर मचाया, तो बदमाशों ने गोली मार दी। गोली युवती के हाथ में लगी। यही नहीं, भागते वक्त बदमाशों ने युवती के घर में भी आग लगा दी। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे, तब तक बदमाश भाग चुके थे। वारदात गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात करीब 2 बजे झांसी रोड मंशादेवी मंदिर के पास की है। घटना के बाद युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ने जिन हमलावरों के नाम बताए हैं, उनमें से एक की बहन ने युवती के भाई पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आशंका है कि बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया है।
झांसी रोड थाना क्षेत्र के मंशा देवी मंदिर के पास रहने वाली अनुराधा (24) पुत्री लाखन सिंह गुरुवार रात अपनी मां के साथ सो रही थी। रात करीब 2 बजे घर पर सूरज व शंकर दो अन्य साथियों के साथ पहुंचे। उन्होंने पहले अनुराधा का गला दबाने का प्रयास किया। दम घुटने लगा, तो अनुराधा की नींद खुल गई। शोर मचाने का प्रयास किया, तो चारों युवक भागने लगे। भागते समय उन्होंने अनुराधा को गोली मार दी। गोली अनुराधा के हाथ में लगी है।


