तीन दिन में 3 लाख केस, 24 घंटे में मिले 1 लाख 26 हजार से ज्यादा नए मामले

देश में कोरोनावायरस महामारी की दूसरी लहर लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। एक्टिव केस तेजी से बढ़ रहे हैं। मरने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। कोरोना के संकट काल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीनेशन का काम भी किया जा रहा है। लेकिन कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर किसी भी तरह की रोक नहीं लग पा रही है। कई राज्य सरकारें लॉकडाउन पर विचार भी कर रही हैं। हर दिन कोरोना के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। पिछले सारे रिकॉर्ड को तोड़कर बीते 24 घंटे में 1 लाख 26 हजार 265 नए केस सामने आए हैं। इस दौरान 684 लोगों की मौत भी हुई है। वहीं, 59 हजार 132 मरीज ठीक भी हुए हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश में बीते तीन दिनों के भीतर 3 लाख 38 हजार 564 कोरोना मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं, 1 हजार 759 लोगों की मौत भी हो गई है। कोरोना के इस कहर पर किसी भी तरह की रोकथाम नहीं लग पा रही है। महाराष्ट्र, दिल्ली के हालत सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं।
कोरोना की इस ताज़ा लहर से महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित है। बीते दिन महाराष्ट्र में करीब 60 हज़ार मामले दर्ज किए गए, जो पूरे देश में सामने आए केस का आधा हिस्सा है। यही कारण है कि केंद्र की ओर से एक्सपर्ट्स की टीमें लगातार महाराष्ट्र भेजी जा रही हैं। यही हाल दिल्ली का भी है जहां फिर एक बार साढ़े पांच हज़ार से अधिक केस दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल के पीक की याद दिलाते हैं। बुधवार को महाराष्ट्र में कुल 59907, दिल्ली में 5,506, उत्तर प्रदेश में 6,023, कर्नाटक में 6,976 मामले दर्ज किए गए हैं।



