सोशल मीडिया पर लॉकडाउन का फर्जी आदेश डालने वाला सीए गिरफ्तार

हैदराबाद। तेलंगाना में लॉकडाउन लगाए जाने का दावा करने वाला एक फर्जी सरकारी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर डाला गया। मामले में पुलिस ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को गिरफ्तार किया है।पुलिस आयुक्त अंजनि कुमार ने बताया कि आरोपी ने एक अप्रैल को तेलंगाना के मुख्य सचिव के नाम से फर्जी सरकारी आदेश तैयार करके उसे व्हाट्सएप ग्रुपों में डाल दिया। मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने ऐसा कोई सरकारी आदेश जारी करने से इनकार किया था। आरोपी ने चार दिन पहले अपने लैपटॉप पर कोविड-19, महामारी रोग अधिनियम के तहत जारी किए गए पिछले लॉकडाउन संबंधी सरकारी आदेश को डाउनलोड किया। उसमें लॉकडाउन की तारीखें बदलकर 2021 की तारीखें कर दीं और उसे अपने व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दिया। इससे लोगों में घबराहट पैदा हो गई। पुलिस ने जांच के दौरान सीए को गिरफ्तार किया एवं उसके पास से एक लैपटॉप एवं फोन जब्त किया।



