छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्र को लिखी चिट्ठी,पत्रकारों के लिए भी वैक्सीन की मांग

छत्तीसगढ़ सरकार ने केंद्र को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें पत्रकारों के लिए कोरोना वैक्सीन देने की मांग की गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने अपने पत्र में कोरोना के मामलों में वृद्धि का हवाला देते हुए पत्रकारों को टीकाकरण अभियान का हिस्सा बनाने की मांग की है।
उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को लिखी चिट्ठी में दुर्ग जिला कलेक्टर द्वारा कोरोना के मामलों की वृद्धि को देखते हुए 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा का भी जिक्र किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्थानीय स्तर पर स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में लॉकडाउन का फैसला करने का निर्देश दिया है। अधिक जिले मामलों में वृद्धि के मद्देनजर आने वाले समय में लॉकडाउन की घोषणा कर सकते हैं।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 2871 और सक्रिय मामले बढ़कर 31,858 पहुंच गए हैं। राज्य में 3,21, 873 लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं जबकि 43 और मरीजों की इस महामारी के संक्रमण से मौत होने के साथ मृतकों की संख्या 4,247 हो गयी है।



