उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जन्मदिवस पर मां महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना, वृद्धाश्रम और शिशु गृह पहुंचकर बांटी खुशियां
डिप्टी सीएम अरुण साव ने जन्मदिन पर वरिष्ठजनों को बांटे गर्म कपड़े और फल, लिया आशीर्वाद


बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बुधवार को अपने जन्मदिवस पर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर, श्री सिद्धि विनायक मंदिर एवं भैरो बाबा मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने बिलासपुर के कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचकर वरिष्ठजनों से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। वहीं कुदुदंड स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित ‘मातृ छाया’ शिशु गृह पहुंचकर बच्चों के साथ खुशियां साझा की।
श्री साव ने जन्मदिवस के अवसर पर कल्याण कुंज वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों का कुशलक्षेम जाना। उन्हें गर्म कपड़े एवं फल वितरित किए। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद श्री साव कुदुदंड स्थित ‘मातृ छाया’ शिशु गृह पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के बीच समय बिताया और सेवा कार्यों में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस पर बुजुर्गों का आशीर्वाद और मातृ छाया में सेवा कार्य किया।
इससे पहले श्री साव ने सपत्नीक रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्री सिद्धि विनायक मंदिर और भैरो बाबा मंदिर में भी मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने मां महामाया से प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही छत्तीसगढ़ के विकास और प्रगति की प्रार्थना की।



