लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के कुमली चिहलागुड़ा के डोंगाघाटपारा में बाढ़ पीड़ितों से मिले BAMM–JCCJ पदाधिकारी,


बस्तर। ग्राम कुमली चिहलागुड़ा के डोंगघाटपारा में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की स्थिति जानने के लिए आज जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) एवं बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा की टीम ने गांव पहुंचकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनके नुकसान एवं समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण कई परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं। घर के सामान के साथ-साथ बकरा, मुर्गियां एवं अन्य घरेलू सामग्री भी पानी में बह जाने से परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।
इस दौरान बाढ़ पीड़ित महिला सोनमती कश्यप ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उनका घर भी पूरी तरह गिर चुका है, लेकिन उन्हें मुआवजा नहीं मिलने की बात कही गई है। ग्रामीणों के अनुसार, चार प्रभावित परिवारों में से केवल दो परिवारों को मुआवजा दिए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे प्रभावित परिवारों में चिंता और नाराजगी है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) एवं बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा की टीम ने प्रशासन से मांग की कि बाढ़ से हुए नुकसान का निष्पक्ष एवं पारदर्शी सर्वे कराया जाए, प्रत्येक प्रभावित परिवार के नुकसान का अलग-अलग आकलन किया जाए तथा पात्र सभी पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
टीम ने कहा कि आपदा की स्थिति में किसी भी प्रभावित परिवार को राहत से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। प्रशासन को मौके पर वास्तविक स्थिति की जांच कर प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान उपस्थित रहे बस्तर ग्रामीण जिलासंतु कश्यप अध्यक्ष-कमल बघेल पाकलू कश्यप — विधानसभा उपाध्यक्ष हरिराम कश्यप — सचिव शोभा यादव स्थानीय ग्रामीण-मनमती — स्थानीय ग्रामीणमिनेश्वरी-रत्ना कश्यप रयमती रयो पंडरु कश्यप उमा कश्यप हेमकु कश्यप मुकेश छोटू तुलसी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) एवं बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा ने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र राहत, क्षति का उचित आकलन और पात्र परिवारों को मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।



