भागने की कोशिश नाकाम, गांजा तस्कर को पुलिस ने दबोचा

जोरा स्कूल के पास बढ़ाई कार की रफ्तार
जवानों ने पीछा कर घेरा
2.3 किलो गांजा और कार जब्त
हरिमोहन तिवारी
रायपुर महासमुंद से कार में गांजे की खेप लेकर रायपुर आ रहे तस्कर को पुलिस की मुस्तैदी के चलते जोरा स्कूल के पास दबोच लिया गया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से घेराबंदी कर तैनात जवानों ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। तलाशी में कार से 2.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल कार समेत करीब चार लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस को 10 सितंबर को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चारपहिया वाहन में अवैध रूप से गांजा लेकर महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने जोरा स्कूल के पास ट्रैप लगाया। पेट्रोलिंग के साथ संदिग्ध वाहन की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन को आते हुए देखा गया
पुलिस को देखते ही बढ़ाई रफ्तार
पुलिस टीम ने जैसे ही संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और मौके से भागने लगा।
हालांकि, टीम पहले से सतर्क थी। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कार को घेर लिया और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भीमसेन अग्रवाल (28) निवासी ग्राम बल्दीडीह, सांकरा, जिला महासमुंद बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें गांजा मिला।
गांजा और कार जब्त
एनडीपीएस एक्ट में मामला
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.300 किलोग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 06 जीएस 2321 जब्त की।
जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 392/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सप्लाई की कड़ी खंगालेगी पुलिस
गांजा महासमुंद से रायपुर क्यों और किसे पहुंचाया जाना था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।



