शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को कहा ‘आंटी’, बोले- गुंडागर्दी नहीं करें

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। विधानसभा चुनाव में हाईप्रोफाइल सीट बन चुकी नंदीग्राम में भी मतदान हो रहा है। यहां भारतीय जनता पार्टी के शुभेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच कड़ा मुकाबला है। इस बीच आज शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी सुप्रीमो को गुंडागर्दी नहीं करने की सलाह दी है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री के रूप में कुछ संयम दिखाना चाहिए। वह प्रधानमंत्री के लिए गंदी भाषा का इस्तेमाल करती हैं। वह 66 वर्षीय आंटी हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी चेतावनी दी कि बंगाल भारत का हिस्सा है और यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 2 मई के बाद यहां रहेंगे जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
भाजपा नेता का यह बयान ममता बनर्जी के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर टीएमसी के खिलाफ काम करने वालों को चेतावनी दी है। टीएमसी की जीत और केंद्रीय बलों के बंगाल से जाने के बाद उनके खिलाफ काम करने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
अधिकारी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए चुनावी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। अधिकारी ने कहा, “उन्होंने गैरकानूनी तरीके से नंदीग्राम में प्रेस को संबोधित किया। मतदाताओं को प्रभावित करने के उनके प्रयास व्यर्थ होंगे।”
अपने ट्रेडमार्क सफेद कुर्ता-पायजामा में पहने, अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे जमकर मतदान करें। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मोदी यहां भी रहेंगे। यह भारत का हिस्सा है।” वोट डालने के तुरंत बाद मतदान केंद्र से बाहर आने के बाद उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।



