भाजपा के सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए सीएम

भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी अब बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. मंगलवार (14 अप्रैल) दोपहर उन्हें सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया, जिससे उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया.
नीतीश कुमार ने आज (14 अप्रैल) ही अपना इस्तीफा सौंपते हुए मंत्रिमंडल भंग कर दिया. जनता दल (यूनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार अब राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं, जिससे बिहार की सत्ता में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता खुल गया है.
दिलचस्प बात यह है कि हालिया विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर लड़ा था. चुनाव प्रचार के दौरान ‘पच्चीस से तीस, फिर से नीतीश’ का नारा भी दिया गया था, लेकिन अब परिस्थितियां बदलती नजर आ रही हैं.
मार्च की शुरुआत में ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की इच्छा जताई थी, यह घोषणा उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के महज चार महीने के भीतर की थी. इस फैसले को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने सवाल उठाए और आरोप लगाया कि नीतीश कुमार अपनी नहीं, बल्कि ‘ऊपर से लिखी गई स्क्रिप्ट’ बोल रहे हैं.
अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ बिहार की राजनीति में एक नया दौर शुरू होने जा रहा है, जिसमें भाजपा पहली बार सीधे तौर पर राज्य की सत्ता की कमान संभालती नजर आएगी.



