प्रीति जोशी को “नारी तू नारायणी सम्मान 2026” मिला, समर्पण की मिसाल

रायपुर छत्तीसगढ मेघा तिवारी
राजधानी के विमतारा भवन में सामाजिक संस्था UHFC फाउंडेशन (United Hands for Change) द्वारा वर्ष 2026 का “नारी तू नारायणी सम्मान” समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को पहचान देना और अन्य लोगों को प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर “नारी तू नारायणी सम्मान 2026” से प्रीति जोशी को सम्मानित किया गया, जो स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें यह सम्मान उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, दूरदर्शी सोच, समर्पण और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया कि प्रीति जोशी की उपलब्धियां न केवल उनकी मजबूती और ईमानदारी को दर्शाती हैं, बल्कि समाज में सशक्तिकरण की भावना को भी बढ़ावा देती हैं, जो प्रगति और सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक एवं निदेशक सोनम श्रीवास्तव और महेंद्र सिंघानिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है और ऐसे आयोजनों से प्रतिभाशाली महिलाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक बन गया।



