अमित शाह का दावा 30 में से 26 सीटें जीतेगी बीजेपी, ममता बनर्जी बोलीं- EVM में घुसे थे क्या ?

नई दिल्ली, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 सीटों में से 26 पर भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी। वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने शाह के दावे को खारिज करते हुए कहा कि मतगणना के बाद जनता का फैसला पता चल जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि क्या शाह EVM में घुस गए थे?
गृहमंत्री शाह ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”बूथ लेवल कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से चर्चा के बाद मैं कह सकता हूं कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 30 सीटों में से हम 26 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। हमें स्पष्ट संकेत मिले हैं कि असम में बीजेपी 47 में से 37 सीटों पर जीत रही है।”
ममता बनर्जी ने अमित शाह का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने सवाल किया कि चुनाव होने के महज एक दिन बाद ही ऐसा दावा कैसे किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम से लगे चंडीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनाव रैली में चुटकी लेते हुए कहा, ”एक नेता ने आज कहा कि भाजपा पहले चरण की 30 में से 26 सीटों पर जीत हासिल करेगी। क्या आप (शाह) EVM में घुस गए थे? सभी 30 सीटों पर दावा क्यों नहीं कर दिया? क्या उन्होंने शेष सीटें कांग्रेस और माकपा के लिए छोड़ दी है?”
ममता ने कहा कि वह किसी तरह का अनुमान नहीं लगाएंगी। उन्होंने कहा कि यह जनता का फैसला है, जो मतगणना के बाद पता चलेगा। बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं और मतगणना 2 मई को होगी।



