FEATURED

बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नबीन;बिहार सरकार में हैं मंत्री; PM मोदी ने दी बधाई

भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। ऐसे में जेपी नड्डा के बाद अब पार्टी की जिम्मेदारी नितिन नबीन ही संभालेंगे। पार्टी की ओर से इस नियुक्ति को बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा की रणनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।

 

पांच बार के विधायक और बिहार सरकार में मंत्री

नितिन नबीन पांच बार के विधायक हैं। मौजूदा वक्त में वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। बांकीपुर से इस बार नितिन नबीन पांचवीं बार विधायक बने हैं। नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 साल के नबीन सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसी के साथ वह भाजपा नेता किशोर सिन्हा के बेटे हैं

नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं नितिन

भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन पटना में जन्मे। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं। बता दें कि पिता के निधन के बाद नबीन ने सक्रिय रूप से चुनावी राजनीति में आए। चुनाव लड़ने से पहले नितिन नबीन भाजयुमो में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने पहली बार साल 2006 में उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और अब 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में लगातार विजयी हासिल की।

 

हाल ही में संपन्न हुए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने 98,299 वोट हासिल करके आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराया है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कहा, “नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पोस्ट

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पोस्ट करते हुए लिखा,”बिहार की धरती से आने वाले युवा और ऊर्जावान नेता नितिन नबीन को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। वे एक कर्मठ कार्यकर्ता और कल्पना क्षमता के धनी व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में वे भाजपा को सफलता की नई बुलंदियों तक ले जाने में अवश्य सफल होंगे। उनके कार्यकाल की सफलता के लिए उन्हें बहुत शुभकामनाएं।”

 

शाह और नड्डा ने भी दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन की नियुक्ति पर बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो, या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है। बिहार में 5 बार विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लम्बे समय से कार्य करने का अनुभव है। आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है। मैं उनके नवीन दायित्व और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

 

वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, “ज्ञान और संस्कृति की पुण्यधरा बिहार के ओजस्वी भाजपा नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर उन्हें आत्मीय बधाई देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में संगठन राष्ट्र व जनसेवा की भावनाओं के साथ नये आयाम स्थापित करेगा। आपके यशस्वी एवं सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”

 

ये भी पढ़ें: Nitin Nabin: पांच बार के विधायक, नीतीश सरकार में मंत्री नितिन नवीन को मिली BJP की कमान; जानें उनके बारे में

 

बिहार भाजपा अध्यक्ष ने दी बधाई

बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बिहार भाजपा अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने बधाई दी। उन्होंने कहा, “आज भाजपा के लिए बहुत ऐतिहासिक दिन है कि बिहार के एक नेता को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। मैं नितिन नबीन को बधाई देता हूं।”

 

वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “मैं भाजपा का धन्यवाद करता हूं। बिहार से नितिन नबीन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर मनोनीत हुए हैं। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। नितिन नबीन के नेतृत्व में बिहार के साथ-साथ पूरे देश में भाजपा मजबूती के साथ खड़ी होगी।”

 

नियुक्ति पर नितिन नबीन का पहला बयान

पटना में मीडिया से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा, “मुझे यह अवसर देने के लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व में सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे प्रधानमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त है और मैं उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और नेतृत्व को आगे बढ़ाऊंगा।”

 

 

Related Articles

Back to top button