बिहार मे एनडीए का आंकड़ा 200 पार, नीतीश कुमार ने जताया आभार; जानिए कहां से कौन जीते

बिहार के अब तक के रुझानों से तस्वीर साफ हो चुकी है। एनडीए के मुकाबले महागठबंधन काफी पीछे है। एनडीए का आंकड़ा 200 पार कर गया है। सम्राट, प्रेम, अनंत, नितिन समेत कई दिग्गज चुनाव जीत चुके हैं। NDA अब शपथ ग्रहण की तैयारी कर रहा है। कांग्रेस महज पांच पर ही आगे चल रही है। राघोपुर से तेजस्वी यादव ने बढ़त हासिल कर ली है। जानिए कहां-क्या हो रहा है…
किशनगंज में शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना संपन्न हुई और जिले की चारों विधानसभा सीटों के नतीजे सामने आ गए। दो सीटों पर AIMIM, एक पर कांग्रेस और एक पर जदयू ने जीत दर्ज की। बहादुरगंज से AIMIM के तौसीफ आलम, ठाकुरगंज से जदयू के गोपाल कुमार अग्रावल, किशनगंज से कांग्रेस के कमरूल होदा और कोचाधामन से AIMIM के सरवर आलम विजयी हुए। जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल, पटाखों और डीजे के साथ जश्न मनाया।
राजनीतिक पंडितों के मुताबिक, सीमांचल में AIMIM बड़ा फैक्टर बनकर उभरी है, जिससे महागठबंधन को नुकसान हुआ।
सुपौल की पांचों सीट पर एनडीए जीत
सुपौल जिले की सभी पाँचों विधानसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज की है, हालांकि औपचारिक घोषणा अभी बाकी है। जदयू के वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सुपौल में जीत हासिल की, जबकि भाजपा के नीरज कुमार सिंह ने फिर से बाजी मारी। त्रिवेणीगंज में सीटिंग विधायक का टिकट कटने के बाद पहली बार जदयू प्रत्याशी बनी सोनम रानी ने भी जीत दर्ज की। निर्मली से जदयू के अनिरुद्ध प्रसाद यादव छठी बार विधायक बने, वहीं पिपरा से जदयू के रामविलास कामत ने लगातार दूसरी जीत हासिल की।
सीएम नीतीश कुमार बोले- बिहार की जनता का धन्यवाद
NDA की जीत के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद। एनडीए
गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों का भी आभार। आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
भाजपा 91 और जदयू 83 पर आगे
चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम छह बजे तक के रुझानों में भाजपा 91 सीटों पर, जदयू 83 सीटों पर और राजद 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। लोजपा (रा.) 19 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर बढ़त मिली है। सीपीआई(एमएल) 3 सीटों पर, हम पार्टी 5 सीटों पर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा 4 सीटों पर आगे है। AIMIM भी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि वीआईपी, सीपीआई (एम) और बसपा को 1-1 सीट पर बढ़त मिली है। कुल मिलाकर 243 सीटों पर रुझान आए हैं।



