FEATURED

कांग्रेस नेता के कार्यालय पर नकाबपोश बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो घायल

बिलासपुर। मंगलवार शाम 5.30 बजे के करीब, मस्तूरी के नहर पार इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के निजी कार्यालय में नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। चार बाइक सवार शूटरों ने ताबड़तोड़ 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगने से जख्मी चंद्रकांत सिंह ठाकुर (रिश्तेदार) और राजू ठाकुर (कर्मचारी) को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

 

घटना के वक्त दफ्तर में मौजूद थे जनपद उपाध्यक्ष

हमला उस समय हुआ जब नितेश सिंह अपने कक्ष में मौजूद थे। अचानक गोलियों की आवाज गूंजी तो कार्यालय में भगदड़ मच गई। कर्मचारी और स्थानीय लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए। जानकरी के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन से चार नकाबपोश युवक सीधे कार्यालय के अंदर घुसे और बिना किसी बहस के फायरिंग शुरू कर दी। कार्यालय के अंदर और बाहर दोनों ओर गोलियां चलीं। फायरिंग खत्म होते ही हमलावर तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही मस्तूरी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और शहर के सभी थानों को अलर्ट कर दिया। तोरवा, मस्तूरी और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए हैं और आसपास के CCTV फुटेज की जांच जारी है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों के प्रकार और हमलावरों की दिशा का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

 

पुरानी रंजिश या राजनीतिक दुश्मनी

 

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हमला किसी पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या निजी विवाद से जुड़ा हो सकता है। सभी कोणों से जांच की जा रही है। पुलिस ने इलाके के संदिग्धों की सूची तैयार कर पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली जा रही है कि हाल के दिनों में कार्यालय परिसर या उसके आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही तो नहीं हुई थी।

अस्पताल में अफरा-तफरी, नेताओं का पहुंचना शुरू

फायरिंग की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता अपोलो अस्पताल पहुंचने लगे।

दोनों घायलों को आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति गंभीर पर नियंत्रण में है। अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और पुलिस ने यहां भी निगरानी शुरू कर दी है। घटना के बाद मस्तूरी क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा

 

 

Related Articles

Back to top button