पति ने की पत्नी की हत्या,पत्नी की हत्या के बाद छठे दिन थाने पहुंचा पति; कबूला जुर्म

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के सुराता गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने चरित्र के संदेह में रस्सी से गला घोट कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद की दुकान में ही 5 दिन तक शव को दफना दिया। आत्मग्लानि होने पर स्वयं थाने पर पहुंचा और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शुक्रवार शाम को शव को बाहर निकाला। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई हुई।
यह बताया कारण
पुलिस के अनुसार आरंभिक पूछताछ में पति ने बताया कि उसकी पत्नी कई बार दो-तीन दिनों तक घर से बाहर रहती थी। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी कारण दोनों में आए दिन विवाद भी होता था। 27 सितंबर की रात को उसकी पत्नी डूंगरपुर गई थी। वह भी डूंगरपुर पहुंचा और पत्नी को मोटरसाइकिल पर लेकर अपने गांव सुराता पहुंचा। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने रस्सी से पत्नी का गला घोट कर हत्या कर दी। उसके बाद दो दिन तक शव को दुकान में ही पड़े रखा। 29 सितंबर की रात को उसने शव दुकान में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
मन नहीं माना, आत्मग्लानि के बाद पुलिस को बताया
पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद पति को आत्मग्लानि हुई। वह इस घटनाक्रम के राज को अधिक समय तक अपने मन में नहीं दबा पाया। वह थाने पर पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने के बाद आत्म समर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
गड्ढा खोदकर निकाला शव
पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई कर पुलिस ने उपखंड अधिकारी सोनू कुमार गुर्जर के निर्देश पर शुक्रवार शाम को सुराता गांव पहुंचकर दुकान में दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए डिप्टी राजकुमार राजोरा सहित चार थानों से भी जाब्ता तैनात किया। शनिवार को मृतका के शव का जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया गया।



