शहर के मध्य पूर्व चिन्हांकित मल्टी लेवल पार्किंग का शीघ्र निर्माण कराया जाये- पब्लिक वॉइस

जगदलपुर शहर की मुख्य मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था का अभाव – आमजन और व्यापारी दोहरी मार झेल रहे हैं – पब्लिक वॉइस
जबतक प्रशासन पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित नही करता तबतक चलानी कार्यवाही बंद होनी चाहिए – रोहित सिंह आर्य
जगदलपुर:
जगदलपुर, जो कि संभागीय मुख्यालय है, प्रतिदिन आसपास के जिलों एवं राज्यों से हजारों लोग खरीदारी और अन्य आवश्यक कार्यों हेतु यहाँ आते हैं। लेकिन पूरे शहर में कही भी व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था नही है। मुख्य मार्गों पर पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था न होने के कारण आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर विषय पर क्षेत्र की सामाजिक संगठन पब्लिक वॉइस के रोहित सिंह आर्य ने कहा कि सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जहाँ पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहीं यातायात विभाग द्वारा चालानी कार्यवाही की जाती है। इस वजह से आम नागरिकों और व्यापारियों पर दोहरी मार पड़ रही है। ग्राहकों की संख्या प्रभावित हो रही है और व्यापारियों का कारोबार लगातार गिर रहा है।
आर्य ने आगे कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक है कि पूर्व में चिन्हांकित मल्टी लेवल पार्किंग स्थल का शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाये। इससे न केवल मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि आम नागरिकों और व्यापारियों दोनों को राहत मिलेगी।
आर्य ने कहा कि शहर तेज़ी से बढ़ रहा है शासन प्रशासन को भी फुर्ती दिखानी होगी शहर की अव्यवस्थित यातायात की वजह से शहर का अपमान हो रहा है क्योंकि बस्तर में देश विदेश से सैलानी आते है और शहर की अव्यवस्थित छवि लेकर जाते है जोकि अत्यंत पीड़ादायक है।
लंबे समय से व्यापारी एवं आमजन की प्रमुख माँगें रही है कि शहर की मुख्य मार्ग पर तत्काल व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था हो, पूर्व चिन्हांकित मल्टी लेवल पार्किंग का शीघ्र निर्माण कराया जाए, पार्किंग व्यवस्था होने तक चालानी कार्यवाही पर रोक लगाई जाए।
आर्य ने यह भी कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या न केवल व्यापार को प्रभावित करेगी बल्कि शहर की छवि और आर्थिक गतिविधियों पर भी नकारात्मक असर डालेगी। इस गंभीर विषय को लेकर पब्लिक वॉइस द्वारा आमजनों एवं व्यापारियों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी की जा रही है।



