FEATURED

करोड़ी की ठगी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, रायपुर की महिला से की थी 2.83 करोड़ की ठगी, देशभर में फैले थे इनके नेटवर्क

रायपुर. देशभर में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने रायपुर की आमासिवनी निवासी सोनिया हंसपाल को डिजिटल अरेस्ट कर 2.83 करोड़ रुपए की ठगी की थी। आरोपियों के कब्जे से कई बैंक खाते, चेक बुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। साथ ही 43 लाख रुपए की ठगी की रकम खातों में होल्ड कराई गई है।

 

 

आरोपियों ने खुद को दिल्ली साइबर सेल का अधिकारी बताते हुए महिला को डराया कि उसके नाम से कई बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें मनी लॉन्ड्रिंग की जा रही है। इसके बाद उसे व्हाट्सएप में वीडियो कॉल पर बनाए रखा और लगातार धमकाकर करोड़ों रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।

 

 

पीड़िता की शिकायत पर घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रेंज साइबर थाना, एंटी क्राइम और थाना विधानसभा की टीम बनाई गई। तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर पुलिस की 4 सदस्यीय टीम उत्तरप्रदेश भेजी गई। रायपुर पुलिस की टीम ने गोरखपुर से आकाश साहू और शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू को और लखनऊ से अनूप मिश्रा, नवीन मिश्रा और आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने ठगी की वारदात कबूल की।

 

 

40 से ज्यादा फर्जी कंपनियों का बिछाया है जाल

आरोपी अनुप, नवीन और आनंद सिंह श्री नारायणी इंफ्रा डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड, श्री गणेशा डेवलपर्स, अर्बन एज इंफ्रा बिल्डकॉम प्राइवेट लिमिटेड, पावन धरा इंफ्रा बिल्डकॉम, स्नो हाइट्स कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड एवं आनंद ट्रेडर्स नामक फर्जी कंपनी बनाकर अलग-अलग बैंकों में खाता खुलवाकर ठगी से प्राप्त रकम को इधर-उधर करने और नगद आहरण करने का काम करते थे। आरोपी आनंद सिंह देवरिया उत्तर प्रदेश में पंजाब नेशनल बैंक ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करता था। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने देशभर में 40 से अधिक फर्जी कंपनियां बनाकर अलग-अलग राज्यों में ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब आरोपियों की संपत्ति की जानकारी जुटाकर उसे जब्त करने की तैयारी में है। इस मामले से जुड़े अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है

 

 

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

आकाश साहू (24), उंचेर, गोरखपुर

शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू (29), उंचेर, गोरखपुर

अनूप मिश्रा (48), आलमबाग, लखनऊ

नवीन मिश्रा (41), नीलमत्था, लखनऊ

आनंद कुमार सिंह (35), रुद्रपुर, देवरिया उत्तरप्रदेश

 

 

 

Related Articles

Back to top button