Gujarat Bridge Collapse:मेरे बच्चे और पति डूब रहे हैं, उन्हें बचा लो’, बीच नदी से महिला की मार्मिक पुकार

गुजरात में महिसागर नदी में बुधवार सुबह डूबी एक गाड़ी के ऊपर बैठी 35 वर्षीय सोनलबेन पढियार अपने दो बच्चों और पति को बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाती रहीं। दुख की बात थी कि जब तक बचावकर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनके पति और बच्चे पहले ही डूब चुके थे और बचावकर्मी केवल उनके शव ही निकाल पाए।
दिल दहला देने वाले दृश्य का वीडियो वायरल
इस दिल दहला देने वाले दृश्य को कैद करने वाले एक वायरल वीडियो में सोनलबेन एक गाड़ी के डूबे हुए मलबे पर बैठी दिखाई दे रही हैं। उनका शरीर थोड़ा-बहुत पानी में डूबा हुआ है। वह रोते हुए घटनास्थल के पास जमा लोगों से मदद मांग रही हैं। ‘मेरे बच्चे डूब गए… मेरे पति डूब गए, कृपया उन्हें बचा लो’, वह गुजराती में मदद मांगती रहीं। उन्हें सांत्वना देने के लिए पुल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति उन्हें बताता है कि बचाव दल आ रहे हैं।
10 लोगों की मौत
गुजरात के वडोदरा जिले में सुबह एक पुल का एक हिस्सा ढहने से कई वाहनों के महिसागर नदी में गिर जाने से 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें सोनलबेन के रमेश पढियार (38), बेटी वेदिका (4) और बेटा नैतिक (2) शामिल हैं। वडोदरा के पादरा तालुका के मुजपुर गांव की निवासी सोनलबेन ने बताया कि नदी किनारे पहुंचने के बाद उन्होंने लगभग एक घंटे तक मदद मांगी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। महिसागर नदी के किनारे स्थित मुजपुर पुल के बहुत पास है।
वैन के पिछले हिस्से में बैठी थी, इसलिए किसी तरह बाहर निकल आई’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘हम प्रार्थना करने के लिए भावनगर के बगदाना जा रहे थे। हमारी वैन में सात यात्री सवार थे। हम सुबह 6.30 बजे निकले और लगभग 7 बजे पुल पर पहुंचे। जब हम इसे पार कर रहे थे, तो एक हिस्सा ढह गया, जिससे कई वाहन नदी में गिर गए।’ उन्होंने बदहवास हालत में आगे बताया कि मैं वैन के पिछले हिस्से में बैठी थी, इसलिए किसी तरह बाहर निकल आई, लेकिन मेरे पति और बच्चे फंस गए। एक ट्रक सीधे हमारी गाड़ी पर गिर गया, इस वजह सभी उसमें फंस गए। पानी भी गहरा था। मैं लगभग एक घंटे तक मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन कोई आगे नहीं आया।
दो खंभों के बीच बने पुल के स्लैब का पूरा हिस्सा ढह गया
पुलिस अधीक्षक (वडोदरा ग्रामीण) रोहन आनंद ने बताया कि मध्य गुजरात को सौराष्ट्र क्षेत्र से जोड़ने वाले और पादरा कस्बे के पास स्थित गंभीरा पुल का एक स्लैब ढह गया, जिससे 10 लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में दिख रहा है कि दो खंभों के बीच बने पुल के स्लैब का पूरा हिस्सा ढह गया है। स्लैब के ढहने से पुल से गुजर रहे वाहन नदी में गिर गए।



