जगदलपुर : राहुल गांधी ने पेशाबकांड को लेकर भाजपा पर हमला बोला

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी शनिवार को एकबार फिर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का प्रचार करने पहुंचे। नक्सल प्रभावित इलाका जगदलपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में हुए चर्चित सीधी पेशाब कांड का जिक्र कर बीजेपी को आदिवासी विरोधी बताया।
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी के नेता आदिवासियों को वनवासी कहते हैं। एमकी के एक बीजेपी नेता ने आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब किया। नेता खड़ा है, आदिवासी बच्चा वीडियो में है। नेता उस पर पेशाब कर रहा है। अब जरा सोचिए बीजेपी की विचारधारा में ये आदिवासियों पर पेशाब करते हैं, इसका वीडियो वायरल करते हैं। ये आदिवासियों को दिखाना चाहते हैं कि उनकी जगह ये है। इसीलिए ये वनवासी शब्द निकाला है। ये जंगल में जैसे जानवर की जगह है, वैसे ही आपकी जगह बताना चाहते हैं।
आदिवासी शब्द एक क्रांतिकारी शब्द है। आदिवासी शब्द के अंदर इसकी गहराई में आपकी सच्चाई छिपी है। आदिवासियों का मतलब जो इस देश के पहले मालिक हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा इस आदिवासी शब्द का इस्तेमाल इसलिए नहीं करती क्योंकि उन्हें पता है कि अगर उन्होंने इस शब्द का इस्तेमाल किया तो उन्हें आपका जंगल, जल और जमीन आपको वापस लौटानी पड़ेगी।
पीएम मोदी पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले मोदी हर भाषण में वनवासी कहते थे अब वनवासी नहीं निकलता है। अब आदिवासी कहते हैं। मगर सोच अभी भी वनवासी वाली ही है। दुर्ग में आज पीएम मोदी की रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज उन्होंने अपने भाषण में कहा कि हिंदुस्तान में एक ही जात है वो है गरीब। मतलब अपने भाषण में कह रहे हैं कि ना दलित है, ना आदिवासी है और न पिछड़े हैं। जबकि सब जानते हैं कि देश में आदिवासी हैं और आदिवासी भाषाएं हैं।



