कोंडागाँव की रंजीता कुरेटि खिलाड़ी के रूप में और DPS भिलाई की किरण राव निर्णायक के रूप में उज़्बेकिस्तान रवाना


U Muradov स्मृति जूनियर एवँ कैडेट जूडो चैंपियनशिप एशिया कप, 22 -25 मई 2025, तस्कीन (उज़्बेकिस्तान)
जगदलपुर।अंतराष्ट्रीय जूडो महासंघ (इंटरनेशनल जूडो फेडरेशन) के द्वारा उज़्बेकिस्तान के तस्कीन शहर में U Muradov की स्मृति में उज़्बेकिस्तान जूडो संघ द्वारा एशिया कप जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 25 मई तक किया जा रहा है।
अत्यंत हर्ष एवँ गौरव का विषय है कि इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ प्रदेश के कोंडागांव जिले की कुमारी रंजीता कुरेटी -52 kg वजन वर्ग में कैडेट वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उपरोक्त जानकारी देते हुए जिला जूडो संघ बस्तर के सचिव एवँ प्रदेश जूडो संघ के संयुक्त सचिव अब्दुल मोईन ने प्रदेश संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के हवाले से बताया कि दिल्ली पब्लिक स्कूल भिलाई की स्पोर्ट्स ऑफिसर, राष्ट्रीय जूडो चैंपियन, ब्लेक बेल्ट 3rd डॉन और अन्तराष्ट्रीय निर्णायक सुश्री किरण राव भी उक्त प्रतियोगिता में निर्णायक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने उज़्बेकिस्तान रवाना हो गई है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पटना (बिहार) में सम्पन्न खेलो इण्डिया यूथ गेम्स में रंजीता ने हिमांचल, महाराष्ट्र, दिल्ली के खिलाड़ियों को हराकर कर फाइनल में मध्यप्रदेश की नैंसी को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर छत्तीसगढ़ को पहली स्वर्णिम सफलता दिलाई थी।
छत्तीसगढ़ के सुदूर बस्तर क्षेत्र की खिलाड़ी रंजीता ने जनवरी 2025 में पुणे नेशनल में बेस्ट प्लेयर का खिताब जीतकर भारतीय खेल प्राधिकरण के माध्यम से (जॉर्जिया) विदेश में जूडो प्रशिक्षण हेतू चयनित हो चुकी है। रंजीता का अंतर्राष्ट्रीय जूडो स्पर्धा में खिलाड़ी के रूप में चयन होना राज्य के खेल जगत के लिए गौरवशाली पल है।
रंजीता कुरेटी और किरण राव दोनो आज रात उज़्बेकिस्तान पहुँच जायेंगी। इन दोनों की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शम्भू सोनी, संयुक्त सचिव अनीस मेमन, अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक शेख शरीफ, बस्तर जूडो संघ के अब्दुल मोइम, सरजीत सिंह बक्शी, परमजीत सिंह, राजकुमार जायसवाल सहित समस्त जिला संघो के पदाधिकारियों ने बधाई दी है।



