खेल

भारतीय क्रिकेट टीम के पास इस समय कोई लीड स्पॉन्सर नहीं , बीसीसीआई ने इसके लिए टेंडर जारी

नई दिल्ली.  मार्च 2023 तक BYJU’S टीम इंडिया की लीड स्पॉन्सर थी। जर्सी पर सामने की ओर हम BYJU’S लिखा देखते थे, लेकिन इस कंपनी ने अपना करार समाप्त कर लिया है। यही कारण है कि भारतीय टीम आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 में बिना स्पॉन्सर वाली जर्सी के साथ मैदान पर उतरी थी। हालांकि, अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टीम इंडिया के लीड स्पॉन्सर के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इस बीच ये भी स्पष्ट हो गया है कि कौन सी कंपनियां इसके लिए नीलामी नहीं लगा सकतीं। 

बीसीसीआई ने लीड स्पॉन्सर के लिए इनविटेशन टू टेंडर रिलीज किया है, जिसे कोई भी 5 लाख प्लस जीएसटी के साथ खरीद सकता है। हालांकि, लीड स्पॉन्सर के लिए कई तरह की कंपनियों को नीलामी में शामिल होने की अनुमति नहीं है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो अल्कोहल, सट्टेबाजी, क्रिप्टोकरेंसी, रीयल मनी गेमिंग, तंबाकू, एथलीजर एंड स्पोर्ट्सवीयर मैन्यूफैक्चरर और जो कंपनी सार्वजनिक नैतिकता को ठेस पहुंचाने का काम करे उस तरह की कंपनियों को बिड में जगह नहीं दी जाएगी।

बीसीसीआई चाहती है कि लीड स्पॉन्सर के तौर पर कोई भी इस तरह की चीज प्रमोट न हो, जिससे कि देश और देश के युवाओं पर बुरा प्रभाव या कोई बुरी लत उन्हें लगे। अभी तक बायजू, ओप्पो, स्टार और सहारा जैसी कंपनियां पिछले कुछ सालों से टीम इंडिया की मैन स्पॉन्सर रही हैं। यही कारण है कि बीसीसीआई इस बार भी कुछ अच्छी कंपनियों के साथ डील करना चाहती है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में एडिडास के साथ किट स्पॉन्सर के तौर पर एक बड़ी डील की है।

Related Articles

Back to top button