RCB ने दिल्ली को 6 विकेट से हराया, विराट कोहली -क्रुणाल पांड्या के अर्धशतक

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या के अर्धशतकीय पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया। बेंगलुरू के सामने 163 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 4 विकेट खोकर 9 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही आरसीबी प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर पहुंच गई है।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा। दिल्ली की ओर से सर्वाधिक 41 रन की पारी केएल राहुल ने खेली, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 34 रन की अहम पारी खेली। इन दोनों के अलावा अभिषेक पोरेल ने 28 और फाफ डुप्लेसी ने 22 रन की पारी खेली। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 3 और जोश हेजलवुड ने 2 विकेट चटकाए।
हेड टू हेड में आरसीबी का पलड़ा भारी
हेड टू हेड की बात करें तो आरसीबी का पलड़ा भारी रहा है। अब तक खेले गए कुल 32 मुकाबलों में 19 आरसीबी के नाम रहा है, जबकि 12 मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के नाम रहा है। पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो 3 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने बाजी मारी है जबकि 2 मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के नाम रहा है।



