FEATURED

डोनाल्ड बोले-अमेरिका में लूट नामंजूर, चीन पर 125% टैरिफ लगेगा; 75 देशों को टैरिफ से 90 दिन की राहत

अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध लगातार गहराता जा रहा है। चीन ने आज अमेरिका पर 84 फीसदी का जवाबी टैरिफ लगाया था। जिसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से चीन के खिलाफ टैरिफ को बढ़ा दिया है। ट्रंप ने चीन के खिलाफ टैरिफ को बढ़ाकर 125 फीसदी कर दिया है। वहीं, 75 देशों को टैरिफ में राहत देने का भी एलान किया है।

ट्रंप ने कहा, ‘चीन ने दुनिया के बाजारों के प्रति सम्मान नहीं दिखाया है। इसके मद्देनजर मैं अमेरिका की ओर से चीन पर लगाए गए टैरिफ को 125 फीसदी तक बढ़ा रहा हूं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उम्मीद है कि चीन भविष्य में इस बात को समझेगा कि अब वह अमेरिका और अन्य देशों से धोखाधड़ी नहीं कर सकता। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को छोड़कर ज्यादातर देशों पर टैरिफ लगाने में 90 दिनों के विराम की घोषणा की। ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह बाजार में मंदी के बीच 90 दिनों के लिए अधिकांश देशों के टैरिफ को वापस ले रहे हैं, लेकिन चीन के टैरिफ को बढ़ा रहे हैं। ट्रंप ने चीन की ओर से 84 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद उस पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 104 फीसदी से बढ़ाकर 125 फीसदी कर दिया। इसके साथ ही पूरी दुनिया का व्यापार युद्ध अब अमेरिका और चीन के बीच सिमटता दिख रहा है। हालांकि, ट्रंप के गैर चीनी मुल्कों पर टैरिफ स्थगन की विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

 

ट्रंप की ओर से ज्यादातर देशों पर टैरिफ में 90 दिनों के विराम की घोषणा के अमेरिकी शेयर बाजार में उछाल नजर आया। दोपहर तक के कारोबार में डाउ जोंस में 2151 से अधिक अंकों की उछाल आ गई। यह करीब 5.7 फीसदी है। वहीं, नैस्डैक में 1290 अंकों यानी 8.36 फीसदी और एसएंडपी 500 में 340 अंकों या 6.90 फीसदी से ज्यादा की उछाल दर्ज की गई।

 

Related Articles

Back to top button