KKR vs RCB: विराट कोहली और फिल साल्ट की धमाकेदार फिफ्टी, आरसीबी ने जीता पहला मैच, केकेआर को सात विकेट से हराया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर आईपीएल 2025 में जीत से आगाज किया. केकेआर की ओर से रखे गए 175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 16.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली. आरसीबी की ओर से ओपनर विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने विस्फोटक अर्धशतक जड़ा. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोहली और सॉल्ट ने चौकों और छक्कों की आतिशबाजी कर दी.
विराट कोहली और फिल सॉल्ट की ओपनिंग जोड़ी ने आरसीबी को शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की. सॉल्ट 31 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के जड़े. देवदत्त पडिक्कल 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान रजत पाटीदार 16 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए. विराट कोहली 59 रन बनाकर नाबाद लौटे. कोहली ने 36 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के जड़े. लियाम लिविंगस्टोन ने 5 गेंदों पर 15 रन बनाकर नाबाद लौटे.
इससे पहले, अजिंक्य रहाणे ने केकेआर की कप्तानी में शानदार शुरुआत करते हुए 25 गेंद में अर्धशतक जड़ा. लेकिन क्रुणाल पंड्या के तीन विकेट की बदौलत मौजूद चैंपियन टीम 200 रन के आंकड़े से काफी दूर रहते हुए 8 विकेट पर 174 रन ही बना सकी. भारत के लिए अपना पिछला टी20 मैच 2016 में खेलने वाले 36 वर्षीय अनुभवी रहाणे को श्रेयस अय्यर की जगह केकेआर का कप्तान बनाया गया है. उन्होंने 31 गेंदों पर 56 रनों की बेखौफ पारी खेली. सुनील नारायण ने 26 गेंद में 44 रन की पारी के साथ उनका शानदार साथ दिया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 10 रन प्रति ओवर से अधिक की गति से 55 गेंद में 103 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी.



